अपराध

रांची के दशम फॉल थाना क्षेत्र में अज्ञात युवती हत्याकांड मामले में एक गिरफ्तार, प्रेम प्रसंग में हुई थी अड़की की युवती की हत्या

दिनांक 23.06.26 को रांची पुलिस को सूचना मिली कि एक अज्ञात युवती का शव मिला है। जिसके संबंध में दशमफॉल थाना कांड संख्या 06/2026 दिनांक 23.06.26, धारा-103 (1)/238/3(5) BNS दर्ज किया गया। उक्त कांड में शामिल अभियुक्त को गिरफ्तारी करने हेतु वरीय पुलिस अधीक्षक रांची द्वारा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी बुण्डू रांची के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल को शामिल करते हुए एक छापामारी टीम का गठन किया।

गठित टीम द्वारा तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर तकनीकी विश्लेषण, वैज्ञानिक अनुसंधान, गुप्त सूचना संकलन एवं साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए कांड का सफल उद्भेदन किया गया। अनुसंधान के क्रम में मृतका की पहचान हिस्सी कुमारी, उम्र लगभग 18 वर्ष, पिता, ग्राम-बरिगड़ा, थाना अड़की, जिला खूंटी के रूप में की गई। अनुसंधान के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों एवं पूछताछ के आधार पर घटना में संलिप्त अभियुक्त चेतन मुंडा, उम्र 18 वर्ष, पिता लाल सिंह मुंडा, ग्राम चापुदडीह, थाना अड़की, जिला खूंटी की पहचान कर दिनांक 04.07.26 को गिरफ्तार किया गया।

अनुसंधान में यह तथ्य प्रकाश में आया कि घटना का मुख्य कारण प्रेम प्रसंग से उत्पन्न आपसी ईर्ष्या था। अभियुक्त ने मृतका को किसी अन्य युवक के साथ देखने के बाद ईर्ष्या वश उसकी हत्या दुपट्टा से गला घोटकर कर दिया। हत्या के उपरांत अभियुक्त द्वारा मृतका का मोबाइल फोन अपने पास रख लिया गया था, जिसे पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त की निशानदेही पर सफलतापूर्वक बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध विधि-सम्मत अग्रतर कार्रवाई की जा रही है तथा कांड के अन्य पहलुओं पर अनुसंधान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *