प्रेम प्रसंग के विवाद में महिला का अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या; चार गिरफ्तार
धुर्वा थाना क्षेत्र अंतर्गत तुपुदाना ओपी पुलिस ने महिला के अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म एवं हत्या के सनसनीखेज मामले का सफल उद्भेदन करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त फर्जी नंबर प्लेट लगी सफेद रंग की अर्टिगा कार, एक देशी पिस्तौल, दो देशी कट्टा, नौ जिंदा कारतूस तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 21 जून 2026 को तुपुदाना ओपी क्षेत्र के दसमाइल से तुंजू जाने वाली सड़क पर सिरी सोहराई पहाड़ के समीप एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। बाद में शव की पहचान अरगोड़ा थाना क्षेत्र के पिपरटोली निवासी रेखा देवी (पति-संतोष भुइंया) के रूप में हुई। मामले में धुर्वा (तुपुदाना ओपी) थाना कांड संख्या-136/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के मार्गदर्शन तथा पुलिस उपाधीक्षक हटिया नीरज कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के संकलन, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण तथा अन्य अनुसंधानात्मक कार्रवाई के आधार पर मामले का खुलासा किया।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतका रेखा देवी अरगोड़ा क्षेत्र में ठेले पर गोलगप्पा (गुपचुप) बेचकर जीविकोपार्जन करती थीं। उनके पति संतोष भुइंया और पड़ोस में रहने वाली संध्या कुमारी उरांव के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस संबंध को लेकर रेखा देवी और संध्या के बीच अक्सर विवाद एवं कहा सुनी होती रहती थी।
पुलिस के अनुसार, रेखा देवी द्वारा लगातार विरोध और रोक-टोक किए जाने से संध्या कुमारी नाराज थी। इसके बाद उसने अपने भाई रमेश उरांव तथा उसके आपराधिक प्रवृत्ति के सहयोगियों कृष्णादास गोस्वामी और लखन उरांव के साथ मिलकर रेखा देवी के अपहरण और हत्या की साजिश रची।
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर किया अपहरण
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि 19 जून 2026 को आरोपियों ने फर्जी नंबर प्लेट लगी सफेद अर्टिगा कार से अरगोड़ा थाना क्षेत्र से रेखा देवी का अपहरण किया। इसके बाद उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया तथा हत्या कर शव को सिरी सोहराई पहाड़ के समीप फेंक दिया गया। अनुसंधान के दौरान यह भी सामने आया कि अपराधियों ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से वाहन का नंबर बदलकर उसका इस्तेमाल किया था।
पुलिस ने मामले में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है— 1. संध्या कुमारी उरांव (29 वर्ष), पिपरटोली, अरगोड़ा, रांची। 2. रमेश उरांव (34 वर्ष), थाना सेन्हा, जिला लोहरदगा। 3. कृष्णादास गोस्वामी (40 वर्ष), बुंडू, रांची। 4. लखन उरांव (30 वर्ष), थाना सेन्हा, जिला लोहरदगा।
कई आपराधिक मामलों में रहे हैं शामिल
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कृष्णादास गोस्वामी और लखन उरांव के विरुद्ध पूर्व से विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट, चोरी एवं अन्य आपराधिक मामलों के रिकॉर्ड मौजूद हैं। वहीं रमेश उरांव के विरुद्ध भी सेन्हा थाना में मामला दर्ज है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है तथा अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
