मेदिनीनगर की मोनिका प्रिया, जिन्होंने अकेले शुरू किया था योग करना आज उनके साथ हैं 50 महिलाएं
मेदिनीनगर की रहने वाली मोनिका प्रिया योग सीखने वाली महिलाओं के लिए इन दिनों प्रेरणा बनी हुई है। उनके द्वारा महिलाओं को साथ लेकर चलने की कहानी काफी रोचक है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उनके द्वारा योग दिवस मनाने की योजना और उनके साथ कई महिलाओं द्वारा स्वतंत्र रूप से योग करना पूरे मेदिनीनगर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
लोग बताते हैं कि यूं तो मोनिका प्रिया पेशे से एक मेकअप आर्टिस्ट है पर योग से उनका काफी लगाव है। वे कई जगह जाकर योगाभ्यास करती थी। पर एक दिन करीब दो माह पहले वो कोयल नदी के तट पर टाउन हॉल के प्रांगण में अकेले योग करने पहुंची थी। ये जगह उन्हें अच्छा लगा, फिर रोज आना शुरू किया। उन्हें लगा कि यहां भीड़ नहीं है तो अकेले योग करने में अच्छा रहेगा, पर होनी को कुछ और ही मंजूर था।
भीड़ यहां भी उनका पीछा नहीं छोड़ा और टाउन हॉल के आस पास सुबह टहलने वाली महिलाएं एक-एक कर जुड़ना शुरू की। धीरे धीरे करीब 50 महिलाओं की एक टीम बनी है जो रोज योग करती है। रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर उनके साथ 70 से अधिक महिलाओं ने योग किया। मोनिका का कहना है कि उन्हें पता नहीं ये सब कैसे हुआ, इस तरह की कोई योजना भी नहीं थी, बस महिलाएं जुड़ती गई और कारवां बनता गया।
योगा फिट वुमन क्लब की स्थापना
इन्हीं महिलाओं ने मोनिका प्रिया को प्रेरित किया और सभी ने मिलकर योगा फिट वुमन क्लब की स्थापना कर डाली। इस क्लब की ओर से महिलाओं के बीच योग को प्रचारित प्रसारित करना शुरू किया गया। अब टाउन हॉल के प्रांगण में रोजाना ढेरों महिलाएं आकर मोनिका की देख रेख में योग करती है। योग करने वाली टीम में जूली जैन, लवली मोदी, डा. शिप्रा, संचिता बोराल, रेखा सिंघानिया, सुमन झा, चेतना, पम्मी सिद्धार्थ, सुमन जैन, अदिति शर्मा, आदि शामिल है। जिन्होंने स्वीकार किया कि लगातार योग करने से उन्हें काफी लाभ मिला है।
