रांची पुलिस के लिए चुनौती बना टीएसपीसी का सब जोनल कमाण्डर विरम राम उर्फ विक्रम उर्फ अरविन्द गिरफ्तार
दिनांक 03.05.2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक रांची को यह गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि बुढ़मू थाना क्षेत्र स्थित ईट भट्ठा में की गई फायरिंग सहित कई उग्रवादी घटनाओं में फरार प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन TSPC का सब जोनल कमाण्डर विरम राम उर्फ अरविन्द, लातेहार जिला अंतर्गत चंदवा शहर के धोबी टोला में देखा गया है।
उक्त उग्रवादी के गिरफ्तारी हेतु वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची द्वारा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, रांची के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक, खलारी के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल द्वारा TSPC का सब जोनल कमाण्डर विरम राम उर्फ अरविन्द के मकान चन्दवा शहर स्थित धोबी टोला में स्थानीय पुलिस के सहयोग से घेरा बंदी कर छापामारी की गई।
इस बीच मौका पाकर विरम राम उर्फ अरविन्द घर के पीछे से भागने का प्रयास किया परंतु छापामारी टीम के सदस्यों द्वारा उसे पकड़कर पूछताछ हेतु हिरासत में लाया गया। पकड़ाए सब जोनल कमाण्डर विरम राम उर्फ अरविन्द से पूछताछ करने पर कई उग्रवादी घटनाओं में अपना अपराध स्वीकार करते हुए बुढ़मू थाना क्षेत्र में ईट भट्ठा पर फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता बताया।
इसके निशानदेही पर बुढ़मू थाना क्षेत्र के छापर गाँव स्थित अर्धनिर्मित मकान से एक पिस्टल मैग्जीन सहित, 07 गोली, 02 राउटर एवं मोबाइल फोन बरामद किया गया। गिरफ्तार सब जोनल कमाण्डर विरम राम उर्फ अरविन्द से पूछताछ करने पर बताया गया कि वह विगत 15 वर्षों से TSPC उग्रवादी संगठन से जुड़ा हैं तथा बुढ़मू, ठाकुरगाँव, पतरातु, खलारी, कांके, केरेडारी, पिपरवार, पिठोरीया मैक्लुस्कीगंज, रातु थाना क्षेत्र में सब जोनल कमाण्डर के रुप में कार्यरत है।
वह संगठन में रहकर जमीन कारोबारियों, ठेकेदारों, ईंट भट्ठा मालिकों, कोयला व्यवसायियों तथा क्रेसर मालिकों को फोन पर धमकी देकर रंगदारी/लेवी की मांग करता है तथा नहीं देने वाले पर फौजी कार्रवाई के तहत गोली बारी/आगजनी की कार्रवाई करता है। इसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक चुनौती थी।
इनके दस्ता के कई सदस्य पूर्व में पकड़े गये हैं तथा शेष बचे सदस्यों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा। इसके सम्पर्क में रहकर इन्हें मदद करने वाले असामाजिक तत्वों की भी पहचान कर ली गई है। शीघ्र ही उनके विरूद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी। गिरफ्तार उग्रवादी विरम राम उर्फ अरविन्द के खिलाफ पिठोरिया, बुढ़मू, रातु, ठाकुरगांव, कांके, मैक्लुस्कीगंज एवं चंदवा आदि थाना क्षेत्रों में दो दर्जन से अधिक गोलीबारी-आगजनी से संबंधित मामले दर्ज हैं।
