झामुमो ने दिया नया नारा – बहुत हुई महंगाई की मार, विदा लो मोदी सरकार…, गद्दी छोड़ो मोदी सरकार
केन्द्र सरकार द्वारा वाणिज्यिक सिलिण्डर की कीमतों में की गई भारी बढ़ोत्तरी को लेकर झारखण्ड मुक्ति मोर्चा ने आज प्रेस कांफ्रेस कर केन्द्र सरकार की कड़ी आलोचना की और इसे देश में भूखमरी को बढ़ानेवाला कदम बता दिया। झामुमो के केन्द्रीय महासचिव व प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि 2024 में यही भाजपा कहती थी -बहुत हुई महंगाई की मार, अबकी बार मोदी सरकार और आज हम कहते हैं कि बहुत हुई महंगाई की मार, विदा लो मोदी सरकार, गद्दी छोड़ो मोदी सरकार।
सुप्रियो ने कहा कि 2014 में जब से मोदी सरकार आई है तब से लेकर 2026 तक इस मोदी सरकार के 12 वर्ष के शासनकाल में खाद्य-पदार्थों, यात्री किरायों, उर्जा आदि की कीमतों में दो से ढाई गुणा की वृद्धि हुई है। ठेला-खोमचा, स्ट्रीट फूड, होटल, मेसेज, हॉस्टल आदि सब पर आफत आई हुई है। भूख से मौत का नया आकड़ा आनेवाला है। ये सब मोदी का देन है।
सुप्रियो ने कहा कि कल पांच राज्यों का नतीजा आनेवाला है और जो सूचना मिल रही है, जल्द ही पेट्रोल में दस से बारह रुपये और डीजल में पन्द्रह से सत्रह रुपये की वृद्धि होनेवाली है। फल, सब्जी, दूध आदि के दाम बढ़ते जा रहे हैं। सवाल मोदी जी से है जब सारा विश्व जान रहा था कि इजराइल और अमेरिका ईरान पर आक्रमण करनेवाले हैं तो आपकी तैयारी क्या थी?
सुप्रियो ने कहा कि एक तरफ पेट्रोलियम मंत्री सदन में कहते है कि हमारे पास पेट्रोल डीजल की कोई कमी नहीं हैं, तो फिर सवाल उठता है कि इसकी कीमतों में वृद्धि क्यों हो रही हैं? राशनिंग क्यों हो रही हैं? नये-नये नियम कैसे लागू हो रहे हैं? सच्चाई यह है कि महंगाई आकाश छू रही है। फैक्ट्रियां बंद हो रही हैं। जिसके कारण मजदूरों की छंटनी हो रही है और इधर मोदी सरकार पंजाब में चल रही सरकार को गिराने और यूपी में अपनी सरकार को फिर से सत्ता में बने रखने के लिए तैयारी करने पर जोर लगा रही है।
सुप्रियो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इस असफलता और अदूरदर्शिता को लेकर उनकी पार्टी जल्द ही सड़कों पर उतरेगी और जनता को गोलबंद करेगी। उन्होंने कहा कि यह कितने दुर्भाग्य की बात है कि जिस बांग्लादेश को हमलोगों ने अलग करवाया, उसकी परकैपिटा आमदनी भारत से ज्यादा है, उसका रुपया भारत के रुपये से ज्यादा मजबूत है और हम नीचे चलते जा रहे हैं।
