मुख्यमंत्री आवास पर राज्य के कोने-कोने से पहुंचे ग्रामीण, अपनी समस्याओं को CM हेमन्त के समक्ष रखा
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को उन्होंने विभिन्न जन समस्याओं से संबंधित विषयों से अवगत कराया एवं समाधान किए जाने का आग्रह किया।
मौके पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के लोहरदगा जिला एवं नगर स्तर के कार्यकर्ताओं ने संवाद कर राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जन कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने आवास पर राज्य के कोने-कोने से आये लोगों से जमकर बातें की तथा हर पहलुओं व उनकी समस्याओं के निदान को लेकर सभी को आश्वस्त किया।
उन्होंने सभी को भरोसा दिलाया कि वर्तमान में चल रही सरकार उनकी ही सरकार है। वे अपनी समस्याओं को लेकर जब चाहे तब, उनके पास आ सकते हैं। बातें/समस्याएं रख सकते हैं। उनका निदान शीघ्रातिशीघ्र निकाला जायेगा। ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री इन दिनों राज्य के लोगों की समस्याओं को लेकर ज्यादा चिन्तित हैं। वे स्वयं रांची की सड़कों पर निकल पड़े थे तथा लोगों की तकलीफों को महसूस किया। राजधानी बेहतर बने, इसको लेकर राज्य के अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिये।
