सोनाहातु में रंगारंग लोक-संस्कृति के साथ गूंज महोत्सव का समापन, राज्यपाल ने किया विनोद बाबू की प्रतिमा का लोकार्पण
गूंज महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होकर मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष गंगवार ने झारखंड आंदोलन के प्रणेता पूर्व सांसद विनोद बिहारी महतो की नौ फीट ऊंची प्रतिमा का लोकार्पण किया और कहा कि गूंज महोत्सव झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का एक अग्रणी प्रतीक बनकर उभरा है। यह महोत्सव दिखाता है कि विविध पृष्ठभूमि के बावजूद हम सब एक हैं।
श्री गंगवार ने कहा कि विनोद बाबू झारखंड के संघर्ष और सामाजिक चेतना के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि झारखंड के इतिहास में उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा। उनकी प्रतिमा हमेशा आने वाली पीढ़ी को संघर्ष, सम्मान और सामाजिक दायित्व का स्मरण कराती रहेगी। श्री गंगवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और शहीदों एवं महापुरुषों को सम्मान देने और स्मरण करने की परम्परा आगे बढ़ी है।
नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करता है गूंज महोत्सव : संजय सेठ
विशिष्ट अतिथि केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने अपने संक्षिप्त संबोधन में कहा कि सुदेश महतो युवाओं के लिए एक प्रेरणा हैं और गूंज महोत्सव के माध्यम से समाज को एक सूत्र में बांधने और संस्कृति को आगे बढ़ाने का कार्य 30 वर्षों से हो रहा है। उन्होंने कहा कि गूंज महोत्सव एक नई उत्साह और ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता के लिए लगातार प्रयास हो रहा है।
राज्यपाल के आगमन से उत्साहित है पंचपरगना क्षेत्र : सुदेश महतो
इस मौके पर पूर्व उपमुख्यमंत्री और गूंज परिवार के संरक्षक सुदेश महतो ने स्वागत भाषण में कहा कि राज्यपाल एक अभिभावक के रूप में हमलोगों के बीच में हैं। वह झारखंड की माटी और संस्कृति को बहुत गहराई से समझते हैं। उनके आने पर पंचपरगना क्षेत्र के लोग उत्साहित हैं। गूंज महोत्सव सेवा, सम्मान और सांस्कृतिक समागम को आधार मानकर समाज को समरस करता है।
इस मौके पर राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश, गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, पूर्व सांसद रामटहल चौधरी, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, पद्मश्री मधु मंसूरी, जिप अध्यक्ष निर्मला भगत, पूर्व विधायक राम कुमार पाहन, डॉ लंबोदर महतो, डोमन सिंह मुंडा, डॉ देवशरण भगत, हरिलाल महतो, प्रवीण प्रभाकर, हसन अंसारी, जयपाल सिंह, वीणा चौधरी समेत कई जनप्रतिनिधि मंच पर उपस्थित थे। संचालन सुनील सिंह ने किया।
500 नगाड़ों से राज्यपाल का स्वागत, छऊ कलाकारों ने समां बांधा
महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। 500 नगाड़ों के साथ राज्यपाल का स्वागत हुआ। सैकड़ों कलाकारों ने संयुक्त रूप से छऊ नृत्य का समां बांधा। किसानों, खिलाड़ियों और कलाकारों को सम्मानित किया गया। शहीदों के परिजनों का अभिनंदन किया गया। महोत्सव में कृषि प्रदर्शनी और चिकित्सा शिविर भी लगाया गया। गूंज परिवार की ओर से राज्यपाल तथा अन्य अतिथियों को छऊ का प्रतीक भेंट किया गया। केंद्रीय मंत्री एवं सांसद संजय सेठ ने गूंज परिवार को एम्बुलेंस उपलब्ध करवाया है।
