राजनीति

दावोस में CM हेमन्त सोरेन से लूलू ग्रुप के फाउंडर ने की मुलाकात, वहीं वेलस्पन वर्ल्ड ने झारखण्ड में प्लास्टिक उद्योग क्षेत्र में 300 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव रखा

दावोस में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से ग्लोबल रिटेल आउटलेट कंपनी लूलू ग्रुप के फाउंडर ने की मुलाकात की है। कंपनी ने किसानों और एसएचजी की महिलाओं के उत्पाद को वैश्विक पहचान देने की हामी भरी है, जबकि झारखण्ड वेलस्पन वर्ल्ड द्वारा झारखंड में प्लास्टिक उद्योग क्षेत्र में ₹300 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव रखा गया है, साथ ही क्रिटिकल मिनरल्स और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में भी निवेश को लेकर इनकी रुचि जगी है।

वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से दुनिया भर में रिटेल आउटलेट के कार्य से जुड़ी कंपनी लूलू ग्रुप के फाउंडर एंड मैनेजिंग डायरेक्टर यूसुफ अली ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री से मुलाकात और संवाद के क्रम में उन्होंने झारखण्ड के कृषि आधारित उत्पाद, वनोत्पाद आदि से जुड़े उत्पादों को आउट सोर्स करने का प्रस्ताव दिया।

जिससे झारखण्ड का उत्पाद देश एवं दुनिया भर के बाजार तक पहुंचाया जा सके और यहाँ के किसानों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और वनोत्पाद के कार्य से जुड़े राज्य के लोगों को लाभ मिले। लूलू ग्रुप झारखण्ड में उत्पादित उन उत्पादों और वस्तुओं के प्रति रुचि दिखाई है जो उनके वैल्यू चेन में आते हैं। ग्रुप द्वारा झारखण्ड में इसके लिए कैपेसिटी बिल्डिंग के क्षेत्र में भी कार्य करने के प्रति इच्छा जताई है।

इस मुलाकात और संवाद को आगे बढ़ाने तथा यहाँ के उत्पादों का अध्ययन के लिए लूलू ग्रुप का उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल जल्द झारखण्ड का दौरा करेगा। झारखण्ड का प्रयास है कि वह लूलू ग्रुप का प्राइमरी सप्लायर बने। मालूम हो कि देश भर के 21 राज्यों और दुनिया के कई देशों में लूलू ग्रुप के रिटेल आउटलेट हैं।

दूसरी ओर वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस के दौरान झारखंड के औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ी है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और वेलस्पन वर्ल्ड के संस्थापक एवं चेयरमैन श्री बी.के. गोयनका के बीच उच्च स्तरीय बैठक आयोजित हुई, जिसमें वेलस्पन वर्ल्ड द्वारा झारखंड में प्लास्टिक उद्योग के क्षेत्र में लगभग ₹300 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया गया।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य प्रतिनिधिमंडल ने वेलस्पन के प्रतिनिधियों को देवघर स्थित प्रस्तावित प्लास्टिक पार्क की जानकारी दी तथा वहां निवेश की संभावनाओं से अवगत कराया। इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से वेलस्पन की टीम शीघ्र ही झारखंड का दौरा कर स्थल निरीक्षण और विस्तृत अध्ययन करेगी।

वेलस्पन वर्ल्ड ने झारखंड में क्रिटिकल मिनरल्स तथा लॉजिस्टिक्स सेक्टर में भी निवेश की संभावनाओं में रुचि व्यक्त की। राज्य प्रतिनिधिमंडल द्वारा धनबाद स्थित लॉजिस्टिक पार्क, राज्यभर में उपलब्ध वेयरहाउसिंग एवं स्टोरेज सुविधाओं की जानकारी साझा की गई। दोनों पक्षों के बीच निरंतर संवाद बनाए रखते हुए इन प्रस्तावों को धरातल पर उतारने को लेकर सहमति बनी। यह बैठक झारखंड को औद्योगिक निवेश का एक उभरता हुआ केंद्र बनाने तथा राज्य में रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *