पूरे राज्य में 79वें स्वतंत्रता दिवस की धूम, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने पैतृक गांव नेमरा में फहराया राष्ट्रीय ध्वज
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने 79 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने पैतृक गांव नेमरा, रामगढ़ में झंडोत्तोलन कर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने समस्त झारखण्ड वासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी, साथ ही राज्यवासियों को एक बेहतर व सशक्त झारखण्ड बनाने के लिए मिलकर काम करने की सलाह दी।
चूंकि राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन का पिछले दिनों स्वर्गवास हो गया था। उनका दशकर्म आज ही पड़ रहा है। इसे लेकर राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन राजधानी रांची के मोरहाबादी में झंडोत्तोलन नहीं कर पाएं। उनकी जगह राज्य के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।
झारखण्ड विधानसभा में विधानसभाध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने राष्टीय ध्वज फहराया। रांची के मुख्यमंत्री सचिवालय अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। रांची स्थित पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और वहां उपस्थित पुलिसकर्मियों व अन्य नागरिकों को संबोधित किया।
अपने संबोधन में पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता ने कहा कि झारखण्ड पुलिस ने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए वर्ष 2025 के पिछले छह महीने में ही कुल 197 नक्सलियों को गिरफ्तार किया। दस नक्सलियों का आत्मसमर्पण करवाया, जबकि 17 नक्सली पुलिस मुठभेड़ में मारे गये।