हजारीबाग के लोहसिंघना थाना क्षेत्र में हुई हत्या कांड का सफल उद्भेदन, आठ अभियुक्त गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद
दिनांक 01.01.2026 को लोहसिंघना थाना क्षेत्र स्थित इन्द्रपुरी चौक के पास हुई मार-पीट की घटना में सुरज कुमार राणा की निर्मम हत्या कर दी गई थी तथा एक अन्य व्यक्ति कुलदीप सोनी गंभीर रूप से घायल हो गया था। उक्त मामले में हजारीबाग पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए हत्या में संलिप्त आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, साथ ही हत्या में प्रयुक्त हथियारों की भी बरामदगी की गई है।
बताया जाता है कि दिनांक 01.01.2026 को कोलघटी क्षेत्र में डी०जे० बजाने को लेकर हुए विवाद के क्रम में कुछ अपराधियों द्वारा प्रतिशोध की भावना से तलवार, डंडा एवं हरवे-हथियार से लैश होकर रात्रि करीब 10:00 बजे इन्द्रपुरी चौक के समीप सुरज कुमार राणा पर जानलेवा हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई तथा कुलदीप सोनी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के संबंध में मृतक की पत्नी काजल कुमारी, सा० मंडईखुर्द, थाना लोहसिंघना, जिला हजारीबाग के लिखित आवेदन के आधार पर लोहसिंघना थाना कांड संख्या – 01/26, दिनांक – 02.01.2026 धारा 191(2)/191(3)/126(2)/115(2)/117(2)/118(2)/324(4)/324(6)/109(1)/103(1) BNS 2023 के अंतर्गत कांड दर्ज किया गया।
कांड के सफल उद्भेदन एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु अमित आनंद (भा०पु०से०), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, हजारीबाग के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा नई दिल्ली, भिलाई (म०प्र०), नोएडा (यू०पी०), चतरा, रामगढ़, रांची एवं बड़कागांव थाना क्षेत्र में लगातार छापामारी अभियान चलाया गया।
इसी क्रम में दिनांक 10.01.2026 को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर नोएडा, सेक्टर-126 (यू०पी०) से कांड में संलिप्त तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर हजारीबाग लाया गया। कड़ाई से पूछताछ के उपरांत अन्य चार अभियुक्तों को बड़कागांव थाना क्षेत्र के ग्राम पिपराडीह से गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त एक विधि-विवादित किशोर को कोलघटी से निरुद्ध किया गया।
इस कांड में गिरफ्तार आठ अपराधियों के नाम और पता इस प्रकार है -1. राहुल कुमार यादव, पे० सुकेश यादव, सा० मंडई कला, थाना लोहसिंघना, 2. रौशन यादव, पे० सुकेश यादव, सा० मंडई कला, थाना लोहसिंघना, 3. दीपक यादव उर्फ दीपक कुमार, पे० कमल गोप, सा० मंडई कला, 4. सोनु कुमार उर्फ सोनु साव, पे० विजय कुमार गुप्ता उर्फ बिरजू, सा० मंडई खुर्द, 5. राहुल कुमार उर्फ लोला, पे० विजय कुमार राम, सा० नुरा, 6. अमन कुमार उर्फ रोहन उर्फ तन्नू उर्फ खड़ा, पे० जयंत कुमार वर्मा, सा० नुरा, 7. मुकेश कुमार यादव, पे० त्रिलोकी यादव, सा० पिपराडीह, थाना बड़कागांव, 8. एक विधि-विवादित किशोर – कोलघटी से निरुद्ध।
इन अपराधियों से पूछताछ के बाद अपराध में लाये ये 1. खून लगा हुआ तलवार और 2. खून लगा हुआ बेसबॉल बैट बरामद कर लिया गया। हजारीबाग पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्तों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है, जिनके विरुद्ध लोहसिंघना, कोर्रा एवं अन्य थानों में गंभीर आपराधिक कांड दर्ज हैं, जिनका विवरण अभिलेखों में उपलब्ध है।
