जमशेदपुर में चल रहे चतुर्थ बाल मेला में विशेष बच्चों ने बनाए चित्र, आपसी संवाद गुदगुदाने वाले
स्कूल ऑफ होप, आशा किरण, पाथ, स्टार्ट, जीविका, चेशायर होम, स्कूल ऑफ जॉय, ज्ञानोदय और पीएएमएचजे के बच्चे चतुर्थ बाल मेला में आए हैं। ये विशेष बच्चे चित्रकारी करने के लिए बैठे हैं। एक बड़ी उम्र की विशेष बच्ची (आप उन्हें महिला भी कह सकते हैं) सभी को गुड मार्निंग कहती हैं। कोई उन्हें रिस्पांड नहीं करता। वह दोबारा गुड मार्निंग कहती हैं। इस बार एक रिस्पांस उन्हें मिलता है। वह तीसरी बार गुड मार्निंग कहती हैं। इस बार उन्हें दो रिस्पांस मिलता है यानी दो बच्चे गुड मार्निंग कहते हैं। वह खुश हो जाती हैं, चित्र बनाने में जुट जाती हैं।
ये सारे बच्चे मुख्य मंच पर बैठे हैं। चूंकि ये विशेष हैं, सो इन्हें विशेष तवज्जो मिली है। जिस मंच से कल वित्तमंत्री ने मेले का उद्घाटन किया, उस मंच पर बैठ कर ये बच्चे चित्रकारी कर रहे हैं। क्योंकि ये विशेष बच्चे हैं। एक बच्चा कहता हैः कितना अच्छा है। सब तरफ बच्चे हैं। दूसरा उसे करेक्ट करता है-खाली बच्चे नहीं हैं। उनके मम्मी-पापा भी हैं। पहला बोलते है-हां। ठीक बोल रहे हो।
एक बच्चा कहता है कि कलर तो मात्र 10 ही हैं। इसमें कैसे काम होगा। पिंक तो है ही नहीं। दूसरा बच्चा बोलता है, मेरे पास 15 कलर हैं। तुम्हें जो चाहिए, ले लो मुझसे। लेकिन मेरे सामने ज्यादा न बोलो। पहला बच्चा बोलता है कि मुझे 10 ही कलर क्यों मिले। तुम्हें 15 क्यों मिले। दूसरा बच्चा बोलता है, मैं अपने घर से लेकर आया हूं। मम्मी ने कहा था।
फिर दूसरा बच्चा धीरे से अपनी पतलून को ऊपर उठाता है, जेब से कलर निकालता है और बोलता है-गिनो। कै गो है। 1,2,3,4,5,6,7,8,9,10,11,12,13,14,15,16 टोटल 16 कलर हैं मेरे पास। तुमसे एक ज्यादा। इसी तरीके से आपस में बोलते-बतियाते, बहसते हुए बच्चों ने अपने हिसाब से जो उन्हें सिखाया गया था या जो वो जानते थे, चित्र बनाई। उन्हें कलर किया। फिर उठ गए। घूमने लगे स्टॉल।
विशेष बच्चों की चित्रकला प्रतियोगिता में दिव्यांश, प्रवीण, सुजल और शीतल ने मारी बाजी
चतुर्थ बाल में विशेष बच्चों के लिए आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में स्कूल ऑफ होप, आशा किरण, पाथ, स्टार्ट, जीविका, चेशायर होम, स्कूल ऑफ जॉय, ज्ञानोदय और पीएएमएचजे के बच्चों ने हिस्सा लिया। यह प्रतियोगिता चार ग्रुपों में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहेः
ग्रुप ए में प्रथम दिव्यांश श्रीवास्तव, द्वितीय पी. उदयशंकर और तृतीय मोहित रहे। ग्रुप बी में प्रथम प्रवीण घोष, द्वितीय भारती और तृतीय राहेन रहे। ग्रुप सी में प्रथम सुजल सिंह रहे तो द्वितीय स्थान पर सलोनी रही और तीसरा स्थान रीतेश मंडल को मिला। ग्रुप डी में प्रथम शीतल सिक्का, द्वितीय कुशल शाह और तृतीय सुमित रहे। निर्णायक मंडल में रानी बनर्जी, रेणुका और बी.आर. बनर्जी शामिल थे। कार्यक्रम का संचालन नारायण नायडू ने किया।
योगा के विजेताओं को आशुतोष राय ने किया पुरस्कृत
चतुर्थ बाल मेले में योगा को लेकर बच्चों और बच्चियों में गजब का उत्साह देखने को मिला। शहर भर के विद्यालयों से सैकड़ों की संख्या में बच्चों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इन लोगों ने योग के एक से बढ़ कर आसन का प्रदर्शन किया।
निर्णायक मंडल ने ग्रुप ए (बालिका में) प्रथम अनुश्री शासमल, द्वितीय निधि सिंह और तृतीय स्थान पर पूर्णिमा गोप को चुना। इसी प्रकार ग्रुप ए (बालक) में प्रथम श्रेष्ठ त्रिपाठी रहे जबकि द्वितीय स्थान पर पिनाक खेमानी और तृतीय स्थान पर अभिजीत गोराई रहे।
ग्रुप बी (बालिका में) प्रथम सृष्टि कुमारी, द्वितीय आसी सिंह और तृतीय स्वाति रजक रहीं। बालकों के ग्रुप बी में प्रथम स्थान पर आर्यन राय रहे तो दूसरे स्थान पर दुर्गा शर्मा और तीसरे स्थान पर विवेक कुमार गुप्ता रहे।
बालकों के ग्रुप सी में प्रथम स्थान सुष्मित दास गुप्ता, द्वितीय अनमोल राज और तृतीय आदर्श राज को मिला। बालिकाओं के ग्रुप डी में पहला स्थान नारायणी संपत, द्वितीय स्थान पर अंतरा चौहान और तृतीय स्थान पर अर्पिता कुमारी रहीं। इन सभी विजेताओं को स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट के ट्रस्टी आशुतोष राय ने पुरस्कृत किया
चित्रकला में सलोनी, सृष्टि, पिनांक और दिशांत रहे अव्वल
बोधि मंदिर मैदान में चल रहे चतुर्थ बाल मेले में शनिवार को आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपने हुनर का प्रदर्शन किया। वरीय समाजसेवी कविता परमार, जदयू नेता हरेराम सिंह और धर्मेंद्र प्रसाद ने बच्चों को पुरस्कृत किया। मंच संचालन स्टैंडअप कॉमेडियन अरुण ने किया।
ग्रुप ए में प्रथम पिनांक खेमानी और आरुषि रहे तो द्वितीय स्थान पर प्रियंका कुमारी और तृतीय स्थान पर आराध्या कुमारी रहीं। ग्रुप बी में प्रथम सृष्टि कुमारी, द्वितीय सोमिया कुमारी और तृतीय आर्यन पटेल रहे। ग्रुप सी में प्रथम रहे दिशांत कुमार मुखी, द्वितीय खुशी पाठक और तृतीय स्थान पर सौम्या राज रहे। ग्रुप डी में प्रथम स्थान पर सलोनी कुमारी, द्वितीय स्थान पर मो. सैफ अली और तृतीय स्थान पर रौशन सिंह मुंडा रहे।
