भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह के निधन पर सात दिवसीय राजकीय शोक, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने दी श्रद्धाजंली, इधर मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना को लेकर नामकुम में होनेवाला कार्यक्रम हुआ स्थगित
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ० मनमोहन सिंह का निधन कल दिनांक 26 दिसम्बर को नई दिल्ली के एम्स हॉस्पिटल में हो गया। दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री के सम्मान में भारत सरकार द्वारा दिनांक 26 दिसम्बर से एक जनवरी 2025 तक सात दिवसीय राजकीय शोक मनाने का निर्णय लिया गया है। झारखंड सरकार द्वारा भी सात दिनों के राजकीय शोक का निर्णय लिया गया है।
उक्त अवधि में झारखण्ड राज्य के उन सभी भवनों, जहां नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराये जाते हैं, पर राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे एवं किसी भी प्रकार के राजकीय समारोह का आयोजन नहीं किया जायेगा। डा. मनमोहन सिंह के निधन और राजकीय शोक को देखते हुए 28 दिसम्बर को खोजाटोली, नामकुम में आयोजित होनेवाले राज्यस्तरीय झारखंड मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है।
इधर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक प्रकट करते हुए राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि आज देश ने अपना एक महान लाल खो दिया। देश के पूर्व प्रधानमंत्री और विश्वविख्यात अर्थशास्त्री आदरणीय श्री मनमोहन सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखदायी है। विकासशील राजनीति और गवर्नेंस के पुरोधा आदरणीय मनमोहन सिंह जी ने निःस्वार्थ भाव के साथ देश और देशवासियों की सेवा में अपना पूरा जीवन लगा दिया था।
आज मनमोहन सिंह जी हमारे बीच नहीं हैं, मगर उनके आदर्श और विचार हमें हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे। मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवार समेत देशवासियों को दुख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति और साहस दे।