अपराध

चाईबासा में दस लाख का इनामी जोनल कमेटी सदस्य अमित हांसदा उर्फ अपटन को सुरक्षा बलों ने किया ढेर

प्रतिबंधित भाकपा(माओ0) नक्सली संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन अपने दस्ता सदस्यों के साथ कोल्हान/सारंडा क्षेत्र में पुलिस एवं सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने तथा राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के लिए लगातार भ्रमणशील है। इस दस्ते पर प्रभावी कार्रवाई हेतु समय-समय पर प्राप्त आसूचना के आधार पर झारखण्ड पुलिस, कोबरा, सी0आर0पी0एफ0 एवं झारखण्ड जगुआर इत्यादि बलो द्वारा अभियान संचालित किया जाता है।

पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा को दिनांक 06 सितम्बर को गुप्त आसूचना प्राप्त हुई कि प्रतिबंधित भाकपा(माओ0) नक्सली संगठन के शीर्ष नक्सली अपने दस्ता के विभिन्न कमांडरों जैसे-मोछु, अश्विन, रवि सरदार, जयकांत, अपटन, सनत, अमित मुण्डा, भुनेश्वर उर्फ सालुका कायम एवं अन्य सदस्यो के साथ गोईलकेरा थानान्तर्गत कोल्हान क्षेत्र में कुछ बड़ी घटना कारित करने यथा-सुरक्षा बलों को लक्षित करने के लिए आई0ई0डी0 लगाने तथा नये लोगों को संगठन में भर्ती करने हेतु भ्रमणशील है।

उक्त आसूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु पारस राणा, भापुसे, अपर पुलिस अधीक्षक(अभियान), चाईबासा एवं दीपक कुमार, सहायक समादेष्टा, कोबरा 209 बीएन के नेतृत्व में झारखण्ड पुलिस (चाईबासा पुलिस) एवं कोबरा 209 बीएन की संयुक्त टीम गठन कर एक विशेष अभियान प्रारंभ किया गया। उक्त अभियान के क्रम में आज दिनांक सात सितम्बर को प्रातः 05.45 बजे गोईलकेरा थानान्तर्गत रेला पराल के पंचलताबुरू जंगली/पहाड़ी क्षेत्र में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा(माओ0) उग्रवादियों की ओर से सुरक्षाबलों को देखकर गोलाबारी प्रारंभ कर दी गई।

आत्मरक्षार्थ हेतु सुरक्षा बलों के द्वारा भी जवाबी कार्रवाई की गई। सुरक्षाबलों को भारी पड़ता देख उग्रवादी दस्ता के सदस्य पहाड़ एवं घने जंगल का लाभ लेते हुए भाग खडे़ हुए। मुठभेड़ उपरांत आस-पास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया गया, जिस दौरान एक नक्सली का शव एवं एसएलआर हथियार, कारतूस एवं अन्य सामान बरामद की गई। उक्त शव की पहचान प्रतिबंधित भाकपा(माओ0) नक्सली संगठन के जोनल कमेटी सदस्य अपटन उर्फ अमित हांसदा उर्फ चंद्रमोहन हांसदा पिता गुड्डू हांसदा पता-ढोड़ी थाना चतरोचट्टी जिला बोकारो के रूप में की गई है। संचालित नक्सल विरोधी अभियान अभी भी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *