राजनीति

सरयू उठायेंगे चलते बजट सत्र में धनबाद में चल रहे कोयला माफियाओं के अवैध उत्खनन के धंधे का मामला

जदयू विधायक दल के नेता सरयू राय का कहना है कि धनबाद जिले में कोयला माफिया द्वारा किया जा रहा अवैध खनन पराकाष्ठा पर पहुँच गया है। ये लोग अब दामोदर नद के पेट से मोहाना बनाकर कोयले का अवैध खनन करने लगे हैं। आश्चर्य है कि इसकी पूरी जानकारी धनबाद ज़िला प्रशासन और जिला पुलिस को है।

सरयू राय ने कहा कि वस्तुतः यह अवैध काम ज़िला प्रशासन और जिला पुलिस के संरक्षण में हो रहा है। इस अवैध गतिविधि के कारण दामोदर नद पर भी ख़तरा पैदा हो गया है। इससे दामोदर का अतिक्रमण और प्रदूषण हो रहा हैं। उनका कहना है कि वे इस मामले को विधान सभा के चलते इस बजट सत्र में उठायेंगे।

उन्होंने कहा कि जान पर खेलकर काफी दूर से फोटो खींचकर वहां के एक पर्यावरण कार्यकर्ता ने उन्हें इन अवैध खनन गतिविधियों की तस्वीरें भेजी है। धनबाद और बोकारो जिला की सीमा पर स्थित बारनी घाट के सामने अवैध खननकर्ताओं ने दामोदर नद के किनारा से मोहाना बना लिया है। एक से अधिक मोहानी इन्होंने बनाया है। पोकलेन लगाकर ये अवैध खनन कर रहे हैं, उत्खनित कोयला बोरियों में भरकर जमा करते हैं, फिर ट्रक से ढोते हैं।

उन्होंने कहा कि जागरूक पर्यावरण कार्यकर्ता ने धनबाद के उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक को इसकी जानकारी दी है। कतिपय पत्रकारों ने भी उपायुक्त, धनबाद को इससे अवगत कराया है, परन्तु अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सरयू राय के कथनानुसार यह एक गंभीर मामला है। न केवल अवैध कोयला खनन बल्कि दामोदर पर भी प्रदूषण और अतिक्रमण का खतरा पैदा हो गया है। सरकार से उनकी मांग है कि दोषी पदाधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *