अपनी बात

धनबाद के टुंडी स्थित शिबू सोरेन के पोखरिया आश्रम में भी आयोजित हुआ संस्कार भोज, मथुरा महतो ने गुरुजी की प्रतिमा स्थापित कर उनके सपनों का झारखण्ड बनाने का लिया संकल्प

18 अगस्त को धनबाद के टुंडी प्रखण्ड स्थित मनियाडीह, पोखरिया स्थित गुरुजी आश्रम में स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धाजंलि अर्पित करने के लिए श्रद्धाजंलि सभा व श्राद्ध सहित संस्कार भोज का आयोजन हुआ। जिसे आयोजन करने में झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के मुख्य सचेतक व टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो की विशेष भूमिका रही।

इस आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय व दिशोम गुरु शिबू सोरेन के प्रति अगाध श्रद्धा रखनेवालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ज्ञातव्य है कि यह आश्रम कोई साधारण आश्रम नहीं है। इसी आश्रम से गुरुजी ने महाजन प्रथा के खिलाफ आंदोलन चलाया था तथा अलग राज्य बनाने के लिए झारखण्डी जनता को जगाने का संकल्प लिया था। लोग यह भी बताते हैं कि इसी आश्रम में उन्हें गुरुजी का खिताब भी मिला था। लोग शिबू सोरेन को गुरुजी कहकर संबोधित करने लगे थे।

स्थानीय लोग बताते हैं कि टुंडी के झामुमो विधायक मथुरा प्रसाद महतो दिशोम गुरु शिबू सोरेन के बताये हुए मार्ग पर चलने के लिए ही जाने जाते हैं। उन्होंने ही जब देखा कि गुरु जी का संस्कार भोज नेमरा में 16 अगस्त को सम्पन्न होने जा रहा हैं। तब उन्होंने पोखरिया आश्रम में श्राद्ध सहित संस्कार भोज का आयोजन 18 अगस्त को करने का निश्चय किया। जिसमें बड़ी संख्या में शिबू सोरेन के समर्थक और उनके अनुयायियों ने हिस्सा लिया।

झामुमो विधायक मथुरा महतो के अनुसार, दिशोम गुरु शिबू सोरेन के जैसा होना या बनना फिलहाल असंभव है। गुरुजी ने जो संघर्ष का रास्ता हमलोगों को दिखाया। उसी रास्ते पर हम सभी को चलना है। झारखण्ड उन्होंने ही बनवाया। अगर उन्होंने झारखण्ड का सपना नहीं देखा होता। उसके लिए संघर्ष का रास्ता नहीं चुना होता, तो आज झारखण्ड नहीं होता। अब तो झारखण्ड को उनके सपनों का झारखण्ड बनाने का समय है।

मथुरा महतो बताते है कि झारखण्ड को बेहतर राज्य कोई बना सकता हैं तो वो झामुमो ही है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में यह राज्य बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा हैं। उसका प्रभाव भी दिख रहा है। दिशोम गुरु हमारे बीच आज नहीं हैं। लेकिन उनका बताया मार्ग हमें रास्ता दिखा रहा है। हम अपने लक्ष्य को पाकर रहेंगे।

इसी बीच कल पोखरिया आश्रम में कई राजनीतिज्ञों व बुद्धिजीवियों ने भी भाग लिया। कई प्रशासनिक अधिकारी भी इस कार्यक्रम में दिखे। जनता ने भी इसमें बढ़ चढ़कर भाग लिया और इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए विधानसभा में झामुमो के मुख्य सचेतक मथुरा महतो की जमकर तारीफ की, तथा उन्हें दिशोम गुरु शिबू सोरेन का सच्चा अनुयायी बताया।

पोखरिया आश्रम में कल शिबू सोरेन की प्रतिमा भी स्थापित की गई। जहां मथुरा महतो ने उनके प्रतिमा पर श्रद्धाजंलि अर्पित की। उसके बाद बड़ी संख्या में वहां पहुंचे लोगों ने शिबू सोरेन की प्रतिमा को फूल-मालाओं से लाद दिया और अपनी श्रद्धाजंलि अर्पित की तथा उनके बताये हुए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *