ओडिशा के बालासोर में घटित घटना को लेकर झामुमो ने भाजपा को दिया नया नाम, कहा – बेटी जलाओ पार्टी
ओडिशा के बालासोर में घटित घटना को लेकर झारखण्ड मुक्ति मोर्चा ने भारतीय जनता पार्टी को नये नाम से पुकारा है। झामुमो ने भाजपा का नया नामकरण करते हुए उसे बेटी जलाओ पार्टी कह डाला। झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के केन्द्रीय महासचिव व प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने आज प्रेस कांफ्रेस में कहा कि बालासोर में जो घटना घटी है। वो स्तब्ध करनेवाला है। पूरा देश इस घटना से व्यथित है। लेकिन वो जानते है कि इस पूरी घटना के बावजूद भी जिस लड़की ने अपनी जान गंवा दी। उसे न्याय नहीं मिलेगा।
सुप्रियो ने कहा कि केन्द्र में भाजपा के आने के बाद, जिन-जिन राज्यों में भाजपा सत्तासीन हुई है। वहां बेटियों की स्थिति ठीक नहीं हैं। पहले ये लोग नारा देते थे कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ। लेकिन अब जो नया इनका टर्मोलॉजी आया है। वो कह रहा है कि अब ये पार्टी – बेटी जलाओ पार्टी बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि ओडिशा के बालासोर की घटना एकमात्र उदाहरण नहीं। ऐसी घटना इनके द्वारा शासित उत्तर प्रदेश, जम्मू, बिहार, मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात सभी जगह हो रही है और मणिपुर के तो क्या कहने।
उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थाएं जहां शिक्षिका बनाने के लिए, समाज में नई सोच पैदा करने के लिए, बच्चों को सही रास्ता दिखाने के लिए जो शिक्षक तैयार होते हैं। वो बैचलर ऑफ एजूकेशन/मास्टर ऑफ एजूकेशन के बाद ही तैयार होते हैं। ऐसे संस्थानों में पढ़ रही एक छात्रा ने नहीं, बल्कि कई छात्राओं ने जब प्रधानाध्यापक से इस बात की शिकायत की कि उनके विभागाध्यक्ष उसके साथ असभ्य भाषा का इस्तेमाल करता है। अश्लील इशारे करता है। अपनी वासना की पूर्ति की बात करता है। तो उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
सुप्रियो ने कहा कि जब छात्रों ने आंदोलन किया। आमरण अनशन शुरु किया। उसके बावजूद भी उक्त प्रधानाध्यापक ने उक्त छात्रा को जलील करना नहीं छोड़ा। अंत में उस छात्रा ने आत्मदाह कर अपनी जान दे दी। ये साधारण घटना नहीं। राष्ट्रपति उसी दौरान भुवनेश्वर एम्स पहुंची थी। शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ओडिशा से ही आते हैं। लेकिन हुआ क्या। उक्त छात्रा की तो जान चली गई। इनके शासनकाल में हाथरस, कठुआ, बिहार के मुजफ्फरपुर, राजस्थान के सीकर, जिन पहलवान बेटियों ने जिस सांसद के उपर गंभीर आरोप लगाये, उसके साथ क्या हुआ। उलटे उक्त सांसद के बेटे को भाजपा का टिकट थमा दिया गया। ये है – बेटी जलाओ पार्टी के कारनामे।
सुप्रियो ने कहा कि ओडिशा में इतनी बड़ी घटना घट गई। वहां के मुख्यमंत्री मोहन लाल मांझी कुछ बोल नहीं रहे। प्रधानमंत्री व गृह मंत्री तक खामोश है। बीएनएस की जो नई धारा बनी है। उसकी सेक्सूअल हरासमेंट में लगनेवाली धारा 75 कहती है कि ऐसा करनेवालों को तीन साल की सजा और आत्महत्या को उकसानेवाले को दस साल की सजा। अगर उसे सजा मिल भी गई तो क्या होगा। दस साल के बाद फिर शैक्षणिक संस्था खोलेगा और इसी प्रकार की फिर हरकत करेगा। ऐसे में झामुमो ने भाजपा का नया नाम बेटी जलाओ पार्टी रखा है।
इसी बीच प्रेस कांफ्रेस के दौरान कई पत्रकारों ने सुप्रियो भट्टाचार्य से लगे हाथों ही यह सवाल कर दिया कि झारखण्ड में भी लातेहार के सेंट जेवियर स्कूल के फादर-प्रिंसिपल पर इसी प्रकार के आरोप लगे हैं। जबकि दूसरे पत्रकार ने चतरा के गर्ल्स हाई स्कूल का मुद्दा उठा दिया, जो इसी प्रकार से ही संबंधित थे। सुप्रियो ने कहा कि सभी मामलों के संज्ञान लिये जा चुके हैं। कार्रवाई हो रही है।