पलामू पुलिस ने अपहरण मामले में की त्वरित कार्रवाई, आठ अपराधी गिरफ्तार, हथियार एवं वाहन बरामद
दिनांक 30 मार्च 2026 को भट्टी मोहल्ला के समीप सद्दाम कुरैशी एवं उसके सहयोगियों द्वारा आनंद कुमार रवि के अपहरण का प्रयास किया गया था। विरोध करने पर अपराधियों द्वारा पीड़ित के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। उक्त घटना के संबंध में शहर थाना कांड संख्या 116/26, दिनांक 31.03.2026, धारा 191(2)/191(3)/190/352/109(1)/111/140(2)/62/3(5) बी.एन.एस. के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि सभी आरोपी एक काले रंग की स्कॉर्पियो (संख्या JH01 GJ 3950) से जिले से बाहर भागने की फिराक में हैं। सूचना के आलोक में पुलिस टीम द्वारा बिस्फोटा चौक स्थित रेलवे अंडरपास के समीप चेकनाका लगाकर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। दिनांक 31 मार्च 2026 की रात्रि करीब 10:45 बजे पुलिस द्वारा घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका गया तथा उसमें सवार सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन एवं स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी पाया गया है, जिनके विरुद्ध पूर्व में हत्या एवं रंगदारी जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्तता रही है। इस संबंध में शहर थाना कांड संख्या 117/26, दिनांक 01.04.2026, धारा 111/3(5) बी.एन.एस. एवं 25(1-8)a/26/35 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत एक और मामला दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का नाम व पूरा पता इस प्रकार है – 1. सद्दाम कुरैशी, पिता- स्व० मासूक कुरैशी, निवासी- कसाई मोहल्ला। 2. छोटू चंद्रवंशी, पिता- गोपाल चंद्रवंशी, निवासी- भट्टी मोहल्ला। 3. सूरज चंद्रवंशी, पिता- स्व० बंसत चंद्रवंशी, निवासी- बेलवाठीका। 4. रितेश चंद्रवंशी (उर्फ मामा), पिता- दिलीप राम, निवासी- पनेरी गली, कुंड मोहल्ला। 5. वसीम अहमद (उर्फ बंटी कालिया), पिता- वकिल अहमद, निवासी- कसाई मोहल्ला, मुस्लिम नगर। 6. वसीम अकरम, पिता- गुलाम रब्बानी, निवासी- कर्बला रोड, पहाड़ी मोहल्ला। 7. रौशन चंद्रवंशी, पिता- लक्ष्मीनारायण राम, निवासी- भट्ठी मोहल्ला और 8. किशु गुप्ता, पिता- रौशन गुप्ता, निवासी- भट्ठी मोहल्ला।
इन अपराधियों में सद्दाम कुरैशी के पास से एक देशी– 9mm पिस्टल, मैगजीन में जिंदा गोली (9mm), एक रेडमी मोबाइल एवं काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन, वसीम अकरम के पास से एक देशी कट्टा एवं 2 जिंदा गोली (8mm KF), रौशन चंद्रवंशी के पास से 3 जिंदा गोली (8mm KF), रितेश चंद्रवंशी उर्फ मामा के पास से 3 जिंदा गोली (9mm), वसीम अहमद उर्फ बंटी कालिया के पास से 3 जिंदा गोली (9mm), एक ब्लैकजोन मोबाइल एवं एक मोटोरोला मोबाइल और सूरज चंद्रवंशी के पास से 2 जिंदा गोली (9mm) एवं एक मोटोरोला मोबाइल बरामद हुआ है।
