अपनी बात

पासवा के आह्वान पर आयोजित हरियाली दिवस को लेकर राज्यभर में निजी विद्यालयों का वृक्षारोपण महाभियान – 50 लाख वृक्ष लगाने का रखा गया लक्ष्य

पब्लिक स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) के आह्वान पर झारखंड के विभिन्न जिलों के निजी विद्यालयों में हरियाली दिवस पर वृक्षारोपण कार्यक्रम बड़े उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाया गया। इस अभियान की खास बात यह रही कि छात्रों के साथ–साथ उनके अभिभावकों ने भी विद्यालय परिसर में आकर पौधे लगाए, जिससे यह सिर्फ एक शैक्षणिक आयोजन न रहकर पारिवारिक और सामाजिक मुहिम बन गया।

पासवा द्वारा चलाए जा रहे “एक बच्चा – एक पौधा” अभियान के तहत सभी छात्रों ने अपने घरों में कम से कम एक पौधा लगाया और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी खुद ली। इस पहल ने बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित की और उन्हें प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाया।

डीएवी समूह के साथ-साथ सैक्रेड हार्ट स्कूल, होली क्रॉस, रांची विश्वविद्यालय रांची और अन्य प्रमुख विद्यालयों ने भी इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। शिक्षक, छात्र और अभिभावक – सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि लगाए गए हर पौधे की नियमित देखभाल की जाएगी। इस दौरान बच्चों ने पौधों को नाम दिए और उनकी फोटो सोशल मीडिया पर साझा कर #GreenMission और #PSACWA को टैग किया। सोशल मीडिया पर इन पोस्ट्स के माध्यम से हरियाली का यह संदेश और भी व्यापक रूप से फैला।

पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने आज के आयोजन की सफलता पर हर्ष जताया और बताया कि संगठन का लक्ष्य इस वर्ष 50 लाख पौधे लगाने का है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में हमारी कोशिश बेहद सकारात्मक रही है और आने वाले समय में इसे और अधिक विद्यालयों और समुदायों तक पहुंचाया जाएगा। पासवा ने सभी परिवारों से अपील की है कि वे हर वर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और अपने बच्चों को उसकी देखभाल की जिम्मेदारी देकर पर्यावरण के प्रति उत्तरदायी बनाएं।

आज के हरियाली दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रदेश पासवा की फलक फातिमा, विशाल सिंह, मेंहुल दूबे, चतरा से नीरज सहाय, हजारीबाग से मींकू प्रसाद एवं मेघाली सेन गुप्ता, गढ़वा से एसके पाठक,लोहरदगा से अभय वर्मा, बोकारो से अनामिका सिंह, गोड्डा से मनोज झा, कोडरमा से अशोक यादव, गिरिडीह से अभय प्रसाद, सरायकेला खरसावां से होनी सिंह मुंडा, जमशेदपुर से सुभाष उपाध्याय, हंटरगंज से पप्पू गौतम, ब्राम्बे से पूजा कुमारी ने मुख्य भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *