पलामू के तरहसी थाना क्षेत्र में हुए हत्या कांड का उद्भेदन, दो अभियुक्त गिरफ्तार, एक फरार
दिनांक 02.03.2026 को सुबह सूचना प्राप्त हुई कि बंगला किनारे पदमा जाने वाली सड़क के किनारे कलकटवा जंगल में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना प्राप्त होने पर पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच की गई, जिसमें मृतक की पहचान ग्राम सेवती निवासी राजदेव महतो (उम्र करीब 70 वर्ष), पिता-स्व० रामा महतो के रूप में हुई। इस संबंध में मृतक की पत्नी दुलारी देवी के लिखित आवेदन के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज करते हुए तरहसी थाना कांड संख्या-36/2026, दिनांक 02.03.2026, धारा-103(1) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
कांड के अनुसंधान हेतु पुलिस अधीक्षक, पलामू के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लेस्लीगंज (पांकी) के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। अनुसंधान के क्रम में संदेह के आधार पर ग्राम सेवती निवासी देवन्ती देवी, पति-नरेश महतो से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि तरहसी निवासी सुरेश राम एवं सेवती निवासी संतोष महतो अक्सर उसके घर शराब पीने आते थे। इस बात को लेकर मृतक राजदेव महतो को संदेह था कि दोनों का देवन्ती देवी के साथ अवैध संबंध है, जिस कारण वह लगातार उन्हें धमकी देता था कि वह गांव में इस बात का खुलासा कर देगा।
अनुसंधान में यह भी सामने आया कि मृतक राजदेव महतो अक्सर अपने पशुओं को चराने के लिए कलकटवा जंगल जाता था और वहीं बच्चु महतो के भंडार घर पर समय बिताता था। शराब पीने के बाद मृतक बच्चु महतो को भी अपशब्द कहता था, जिससे बच्चु महतो के मन में भी उसके प्रति रोष था। इसी क्रम में सुरेश राम, संतोष महतो एवं बच्चु महतो ने षड्यंत्र रचकर दिनांक 27.02.2026 को दामोदर महतो के पुत्र के भोज से मृतक राजदेव महतो को बहला-फुसलाकर बच्चु महतो के कलकटवा जंगल स्थित खपरैल भंडार घर में ले गए, जहां टांगी से वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को भंडार घर के बगल स्थित खलिहान में पुआल से ढक दिया तथा घटनास्थल पर गिरे खून को मिट्टी हटाकर दूसरी मिट्टी से लीप दिया गया। बाद में दिनांक 01.03.2026 की रात तीनों अभियुक्तों ने शव को खाट पर लादकर जंगल के रास्ते बंगला किनारे पदमा जाने वाली सड़क के पास कलकटवा जंगल में फेंक दिया, ताकि किसी को संदेह न हो।
देवन्ती देवी के बयान के आधार पर कांड में संलिप्त बच्चु महतो एवं संतोष महतो से सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इनके निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टांगी एवं खाट (खटिया) बरामद की गई है। कांड में शामिल अन्य अभियुक्त सुरेश राम की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गई, परंतु वह घर से फरार पाया गया। उसकी गिरफ्तारी हेतु लगातार प्रयास जारी है।
