दिशोम गुरु शिबू सोरेन के ‘संस्कार भोज’ में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बाबा रामदेव समेत कई दिग्गज हुए सम्मिलित, CM हेमन्त सोरेन एवं उनके पारिवारिक सदस्यों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त की
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज स्मृति शेष-राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संस्कार भोज में सम्मिलित होने हेतु मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेमरा, रामगढ़ स्थित आवास पहुंचे। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्मृति शेष-गुरुजी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी तथा मुख्यमंत्री एवं उनके पारिवारिक सदस्यों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस अवसर पर कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन से उनकी कई मुलाकातें हुईं। उनकी सहजता, सरलता एवं व्यक्तित्व मुझे प्रभावित करती थी। गुरुजी सिर्फ आदिवासी ही नहीं बल्कि अन्य समाज के भी अभिभावक के रूप में जाने जाते थे। वे अपनी ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, सांसद पप्पू यादव, पूर्व राज्यसभा सांसद आर०के० आनंद एवं योग गुरु बाबा रामदेव भी नेमरा पहुंचे। सभी ने स्मृति शेष-गुरुजी की तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट की।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार भी आज स्मृति शेष-राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संस्कार भोज में सम्मिलित होने हेतु मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेमरा, रामगढ़ स्थित आवास पहुंचे। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने स्मृति शेष-दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री एवं उनके पारिवारिक सदस्यों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना भी व्यक्त की।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी आज नेमरा, रामगढ़ स्थित मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के पैतृक आवास पहुंचे। रेवंत रेड्डी यहां स्मृति शेष-राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के संस्कार भोज में सम्मिलित हुए। उन्होंने स्मृति शेष-गुरुजी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।