खेल

जेएससीए चुनाव में अजय नाथ शाहदेव की टीम को जीताने के लिए अशांत मणिपुर को छोड़कर रांची पहुंच मतदाताओं से संपर्क में जुटे मणिपुर के डीजीपी राजीव सिंह

राजधानी रांची में झारखण्ड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों के चुनाव में राजनीति के साथ-साथ पुलिस पदाधिकारियों की बड़े पैमाने पर इंट्री ने धमाल मचाकर रख दिया है। लोगों का कहना है कि क्या झारखण्ड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन का चुनाव इतना बड़ा चुनाव हो गया कि अब वैसे पदाधिकारी भी इस चुनाव में दिलचस्पी ले रहे हैं, जिनका क्षेत्र सर्वाधिक अशांत और पूरे विश्व पटल पर अशांत होने के कारण ही ज्यादा चर्चित है।

ज्ञातव्य है कि इस बार के झारखण्ड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों के चुनाव में अब सर्वाधिक अशांत राज्य मणिपुर के पुलिस महानिदेशक राजीव सिंह की भी इंट्री हो चुकी है। वे मणिपुर को छोड़कर फिलहाल झारखण्ड की क्रिकेट चुनाव में ज्यादा दिलचस्पी ले रहे हैं और फिलहाल रांची स्थित केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के गेस्ट हाउस में ठहरे हुए हैं।

सूत्रों की मानें तो वे झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव में अजयनाथ शाहदेव की टीम को जीताने के लिए प्रयत्नशील हैं और उनके लिए वोट भी मांग रहे हैं। झारखण्ड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े मतदाताओं को फोन भी राजीव सिंह कर रहे हैं। जो यहां चर्चा का विषय बना हुआ है।

क्रिकेट जगत व खेल जगत से जुड़े अन्य लोग भी यह कहने से नहीं चूक रहे कि एक ओर जहां ⁠मणिपुर में अशांति का माहौल है। ऐसे में उक्त माहौल को छोड़कर झारखंड में क्रिकेट की राजनीति में राजीव सिंह का दिलचस्पी लेना बहुत कुछ कह दे रहा है। कुछ तो यह भी कहने से नहीं चूक रहे कि मणिपुर के डीजीपी के झारखंड आगमन से सरकारी संसाधनों का भी इसमें इस्तेमाल हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *