अवैध हथियारों के विरूद्ध कोडरमा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार देशी हथियारों के साथ एक गिरफ्तार
अनुदीप सिंह, पुलिस अधीक्षक, कोडरमा के निर्देशानुसार जिले में अपराध एवं अवैध हथियारों की रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विगत रात्रि गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि सतगावां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कटैया के गजहड टोला में एक अनजान व संदिग्ध व्यक्ति दो दिनों से देखा जा रहा है, जो गजहड टोला के प्राथमिक सरकारी स्कूल में रात्रि को सोता है और किसी को भी अपना नाम व पता नहीं बता रहा है।
इसके पास अवैध आग्नेयास्त्र होने की प्रबल संभावना है। उक्त सूचना की गंभीरता को देखते हुए सूचना का सत्यापन एवं त्वरित विधि सम्मत कार्रवाई करने हेतु पुलिस अधीक्षक महोदय कोडरमा द्वारा पु०अ०नि० सौरभ कुमार शर्मा, थाना प्रभारी, सतगावां के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। उक्त टीम द्वारा तत्परतापूर्वक सूचना स्थल गजहड टोला के प्राथमिक सरकारी स्कूल को बलों की सहायता से घेराबंदी कर विधिवत छापामारी की गयी, जिस कम में स्कूल की सीढी के नीचे सोये अवस्था में एक व्यक्ति को पकडा गया।
जिसकी पहचान रामेश्वर प्रसाद उर्फ राकेश साव उर्फ राम ईश्वर प्रसाद, उम्र करीब 54 वर्ष, पिता स्व० रामबरत प्रसाद, साकिन मई, थाना काको ओ०पी० भेलावार, जिला जहानाबाद (बिहार) के रूप में हुई। पकड़े गये व्यक्ति एवं उस स्थान की तलाशी ली गयी तो पकड़े गये व्यक्ति के पास एक आईटेल कंपनी का कीपैड मोबाईल बगैर सिम कार्ड लगा हुआ बरामद हुआ।
जबकि स्थान की तलाशी लेने पर एक सफेद रंग के प्लास्टिक के बोरा से कुल 04 सिंगल शॉट हथियार एवं 05 जिंदा गोली बरामद हुआ, जिसमें – 1. लोहे का कार्रबाईननुमा देशी रायफल, जिसकी पूरी लंबाई 24 ईंच, 2. लोहे का कार्रबाईननुमा देशी रायफल, जिसकी पूरी लंबाई 18.5 इंच, 3. लोहे का देशी रायफल जिसकी पूरी लंबाई 22.2 ईंच, 4. लोहे का देशी रायफल जिसकी कुल लंबाई 24 ईंच और 5. जिंदा कारतुस 05 पीस (जिसमें हरेक कारतुस के पेंदे पर 8MM-KF अंकित) बरामद किया गया।
उक्त बरामद हथियारों के संबंध में पकड़े गये व्यक्ति द्वारा कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया और न ही कोई संतोषजनक जबाब दिया। तत्पश्चात पुलिस टीम द्वारा बरामद सभी हथियारों को जब्ती सूची बनाकर जब्त किया गया तथा पकड़े गये व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस टीम द्वारा अवैध हथियारों के साथ पकड़े गये व्यक्ति से गहराई से पूछताछ की गयी तो उसके द्वारा बतलाया गया कि शादी के बाद रामगढ़ में परिवार सहित किराये के मकान में रहता था तथा मजदूरी कर गुजर बसर कर रहा था। लेकिन मजदूरी से खर्चा नहीं चल रहा था। इसी बीच नालंदा जिले के जैयतीपुर निमडा के रहने वाले व्यक्ति कौशल से संपर्क हुआ। जिससे नये व पुराने हथियार खरीदकर बिक्री करने लगा।
इसी बीच सतगावां-गोविंदपुर क्षेत्र में हथियार की बिकी के लिए कौशल से 04 हथियार एवं 05 जिंदा गोली खरीदे जिसे एक प्लास्टिक के बोरा में छुपाकर ग्राम कटैया के गजहड टोला, सतगावां आ गया। यहाँ आकर कटैया के गजहड टोला में स्थित सरकारी विद्यालय में रहने लगा। गांव के किसी आदमी द्वारा अपने घर में रहने नहीं दिया गया, इसलिए रात को विद्यालय की सीढी के नीचे सोता था तथा वहीं बोरा में लिपटे हथियारों को साथ में रखता था। दिन में हथियारों को जंगल में छुपा देता था। फिर रात्रि होने पर हथियार सहित विद्यालय आता था एवं रात्रि में विद्यालय की सीढ़ी के नीचे छुपकर सो जाता था।
इस संबंध में सतगावां थाना कांड सं0 14/26, दिनांक 12.02.26 धारा 25 (1-बी) ए/26 शस्त्र अधिनियम के तहत दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम द्वारा इस कांण्ड के आरोपी के अन्य सहयोगियों / सदस्यों का पता लगाया जा रहा है एवं गिरफ्तारी हेतु छापामारी की जा रही है तथा आरोपियों का पूर्व का आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है।
