राजनीति

झारखण्ड के आसमान में मंडरा रहे कौवों और गिद्धों को झामुमो का तीर-धनुष देगा जवाब, बस आप सभी सजग, सचेत और एक रहिये, भाजपा की गंदी राजनीति को हम जड़ से उखाड़कर ही दम लेंगेः हेमन्त

हेमन्त सोरेन जोश में हैं। उनको यह जोश मिल रहा हैं। उनकी सभा में उमड़-घुमड़ रही जनता की भारी भीड़ से। यह भीड़ भी हेमन्त सोरेन के भाषण को ध्यान से सुनती हैं और उनकी बातों का समर्थन भी करती हैं। शायद इसी जोश का परिणाम है कि वे आम जनता से सीधे कहते हैं कि आप चिन्ता मत करिये। झारखण्ड के आसमान में मंडरा रहे कौवों और गिद्धों को झामुमो का तीर-धनुष जवाब देगा। बस आप सभी सजग, सचेत और एक रहिये। भाजपा की गंदी राजनीति को हम जड़ से उखाड़कर ही दम लेंगे।

वे चक्रधरपुर में जनता के विशाल समूह को देखकर कहते हैं कि यह विशाल सभा इस बात की साक्षी है कि झारखण्ड में फिर से झामुमो गठबंधन की सरकार बनेगी और यहां से झामुमो उम्मीदवार ही जीतेगा। उधर भवनाथपुर की भी यही स्थिति है। वहां भी विशाल जनसमूह हेमन्त सोरेन का इंतजार कर रहा होता है। जिसे देखकर हेमन्त सोरेन कहते है कि 13 नवम्बर को भवनाथपुर की जनता इतना जोर-जोर से ईवीएम पर तीर-धनुष का बटन दबाएगी कि भाजपावालों के कान के पर्दें फट जायेंगे।

हेमन्त सोरेन कहते हैं कि संस्थाओं की मदद से भाजपा छद्म दहशत फैलाकर चुनाव प्रक्रियाओं को हड़पने की साजिश रच रही हैं। लेकिन हमलोग उनके इस साजिश को कामयाब नहीं होने देंगे, क्योंकि हमारे पास जनता का आशीर्वाद है। वे जनता को बताते है कि अबुआ सरकार बनने के बाद गरीब परिवार को एक-एक लाख की सहायता राशि दी जायेगी। वे लोगों को याद दिलाते है कि उन्होंने कैसे कोरोना काल में अपने लाखों प्रवासी श्रमिक भाइयों-बहनों को मदद पहुंचाने का काम किया।

हेमन्त सोरेन कहते हैं कि झारखण्डियों के हक और अधिकार को कोई कुचलने का प्रयास करेगा। तो वे ऐसा जीते-जी होने नहीं देंगे। विस्थापितों के अधिकार के साथ किसी को भी सेंधमारी करने नहीं देंगे। जो उन्होंने विस्थापित आयोग बनाया है। उसके द्वारा वे सुनिश्चित करेंगे कि झारखण्डियों को उसका लाभ मिला या नहीं। इसलिए राज्य की जनता चिन्ता नहीं करें।