झामुमो नेता सुदिव्य कुमार ने इशारों-इशारों में कह दिया बिहार विधानसभा चुनाव में जिस प्रकार राजद व कांग्रेस के नेताओं ने झामुमो के साथ धूर्तता की हैं, झारखण्ड में उसके गंभीर परिणाम भुगतने के लिए भी वे तैयार रहे
झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता व मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने आज गिरिडीह में संवाददाता सम्मेलन कर कहा कि बिहार में आज चुनावी नामांकन की आज अंतिम तिथि थी। बिहार में जो चुनाव लड़नेवाली राजनीतिक पार्टियां हैं, उनकी स्थिति स्पष्ट हो चुकी है। बहुत दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि बिहार में हो रहे इस चुनाव में झारखण्ड मुक्ति मोर्चा पार्टिसिपेट नहीं कर रही है।
उन्होंने कहा कि हम चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। जिसके पीछे बहुत सारे राजनीतिक कारण है। बिहार में चुनाव लड़ रहे कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल की धूर्तता ने झामुमो के बिहार में चुनाव लड़ने की आकांक्षाओं पर पानी फेरा, उसे चुनाव लड़ने से रोका, उसे नुकसान पहुंचाया। हम इस बातों से बहुत आहत है कि राष्ट्रीय जनता दल के नेतृत्व ने झामुमो को उचित प्रतिनिधित्व देने के लिए कोई प्रयास नहीं किया।
सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि राजनीतिक चालबाजी व धूर्तताओं की वजह से जिस तरह से आज राजनीतिक परिस्थिति बनी कि आज झारखण्ड मुक्ति मोर्चा जैसा एक राजनीतिक संगठन बिहार में चुनाव नहीं लड़ रहा है, इसके लिए हम राष्ट्रीय जनता दल को पूर्णतः दोषी ठहराते हैं और गठबंधन धर्म का पालन नहीं करा पाने के लिए वे कांग्रेस पार्टी को भी दोषी ठहराते हैं।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार गठबंधन धर्म का पालन झारखण्ड में चल रहा है, उसी प्रकार बिहार में भी यह गठबंधन धर्म के पालन कराने की जिम्मेदारी कांग्रेस की तरफ से होनी चाहिए थी। जो नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि गठबंधन धर्म का पालन होता तो निश्चय ही यह गठबंधन एक अच्छा परफार्मेंस करता। अब चुनाव परिणाम क्या आयेगा, ये तो भविष्य के गर्भ में हैं। लेकिन जिन राजनीतिक षडयंत्रों के कारण झामुमो को साइड किया गया, उसकी वे कड़ी भर्त्सना करते हैं।