बोकारो में करीब दस लाख रुपये का अवैध विदेशी शराब बरामद, एक गिरफ्तार
बोकारो पुलिस का कहना है कि आगामी होली त्योहार को लेकर शराब के अवैध कारोबार के विरूद्ध निगरानी एवं आसूचना करते हुए छापामारी करने हेतु पुलिस अधीक्षक बोकारो द्वारा निर्देशित किया गया था। उसके बाद शराब का अवैध कारोबार करनेवालों पर सतत निगरानी व आसूचना संकलन की जा रही थी। थाना प्रभारी चतरोचट्टी थाना को गुप्त सूचना मिली कि चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम नरकण्डी स्थित टॉवर से सटा हुआ सोना महतो, पे. भबरित महतो के एलबेस्टर से बने मकान में भारी मात्रा में अवैध नकली विदेशी शराब रखा हुआ है।
थाना प्रभारी द्वारा इस संबंध में वरीय पदाधिकारियों को सूचित किया गया। इसके बाद छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल ग्राम नरकंडी पहुंचा। मकान मालिक सोना महतो से पूछताछ की गई, तो उसके द्वारा बताया गया कि यह कमरा संतोष महतो, पे. किटी महतो, सा. बेडम, थाना -आंगो, जिला हजारीबाग को किराये पर दिया गया है। उसी के द्वारा शराब भी रखा गया है।
मकान मालिक की उपस्थिति में कमरा खुलवाकर तलाशी ली गई। कमरा में विभिन्न ब्रांडों की भारी मात्रा में अवैध शराब देखा गया। मकान मालिक सोना महतो को इस मामले में गिरफ्तार किया गया, अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी की जा रही है। इसके साथ ही कुल 2688 पीस अवैध विदेशी शराब, जिसका अनुमानित मूल्य लगभग दस लाख रुपये हैं, बरामद कर लिया गया। इस संदर्भ में चतरोचट्टी थाना कांड सं. 11/26, दिनांक – 22.02.2026, धारा 274, 275, 292, 3(5) बीएनएस एवं 47ए उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
