राजनीति

अटल मोहल्ला क्लिनिक का नाम बदलने के खिलाफ भाजपा विधायक राज सिन्हा के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता धनबाद की सड़कों पर उतरें, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का पुतला फूंका

भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर झारखण्ड में चल रही अटल मोहल्ला क्लिनिक का नाम बदलकर मदर टेरेसा मोहल्ला क्लिनिक कर दिये जाने पर झारखण्ड में प्रायः मृत हो चुकी भाजपा को आज प्राण वायु मिल गया। यह प्राण वायु स्वयं राज्य की हेमन्त सरकार ने भाजपा को दिया है, ताकि जो जनता द्वारा उन्हें जो प्रेम व शक्ति मिली है, उस पर बट्टा लग सकें।

आज जैसे ही अखबारों व अन्य सोशल साइटों के माध्यम से भाजपाइयों को इस बात की जानकारी मिली। भाजपाइयों और अन्य बुद्धिजीवियों में गुस्सा साफ देखा गया। सभी का गुस्सा इस बात को लेकर था कि अटल बिहारी वाजपेयी पर ही हेमन्त सरकार का गाज क्यों गिरा? आखिर मदर टेरेसा से सरकार को इतना ही प्यार है तो वे उनके नाम पर दूसरा कुछ ले आते, जो योजना पहले से चल रही हैं, किसी भारत रत्न का नाम उससे जुड़ा हैं, उसको डिलीट कर दूसरे का नाम चिपका देना, कहां की शराफत है?

शायद यही गुस्सा धनबाद के भाजपाइयों को सड़कों पर उतार दिया। आज भारतीय जनता पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता भाजपा विधायक राज सिन्हा के नेतृत्व में सड़कों पर उतरें। धनबाद के कंबाइंड बिल्डिंग से लेकर रणधीर वर्मा चौक तक विरोध मार्च निकाला और अपनी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का पुतला तक फूंक दिया।

इस अवसर पर मीडिया से बातचीत के क्रम में भाजपा विधायक राज सिन्हा ने कहा कि अटल मोहल्ला क्लिनिक का नाम बदलना, झारखण्ड की आत्मा का अपमान है। यह निर्णय राज्य सरकार की राजनीतिक संकीर्णता और जनभावनाओं के प्रति अतिसंवेदनशीलता को उजागर करता है। सरकार का यह कृत्य न केवल अटल जी का अपमान है, बल्कि झारखंड के करोड़ों लोगों की भावना के साथ खिलवाड़ भी है।

उन्होंने कहा कि वे मांग करते हैं कि “अटल मोहल्ला क्लिनिक” का नाम अविलंब पुनः स्थापित किया जाए। अटल जी केवल एक नाम नहीं, विचार हैं — और विचारों को कोई मिटा नहीं सकता। इस अवसर पर भाजपा ज़िला उपाध्यक्ष वीरू हंसदा, जिलामंत्री श्री नरेन्द्र त्रिवेदी, जिलामंत्री एवं मीडिया संयोजक पंकज सिन्हा ज़िला मंत्री रीता प्रसाद धनबाद सदर मंडल अध्यक्ष राजाराम दता, बरटांड मंडल अध्यक्ष किशोर मंडल, मनईटांड मंडल अध्यक्ष संजय कुशवाहा, बैंकमोड़ मंडल अध्यक्ष सन्नी रवानी, संजय नन्द गोस्वामी, मौसम सिंह, निर्मल प्रधान, मुकेश पाण्डेय सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *