राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार पहुंचे रांची के अतिप्रतिष्ठित आध्यात्मिक स्थल योगदा सत्संग आश्रम, हुए आत्मविभोर
झारखण्ड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार आज रात्रि में रांची के अति प्रतिष्ठित आध्यात्मिक स्थल योगदा सत्संग आश्रम पहुंचे। जहां उनका स्वागत योगदा सत्संग आश्रम के प्रमुख व वरिष्ठ संन्यासी स्वामी ईश्वरानन्द गिरि ने किया। बताया जा रहा है कि राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार को योगदा सत्संग आश्रम के बारे में बहुत पहले से जानकारी थी।
वे यहां के आध्यात्मिकता व ब्रह्माण्डीय स्पन्दन से पूर्व से परिचित थे। इसलिए वे यहां आने की बहुत दिनों से सोच रहे थे। जो आज साकार हो गई। राज्यपाल यहां आकर इस आश्रम की आध्यात्मिक शक्ति के बारे में यहां के संन्यासियों से जानने की कोशिश की। जिसे यहां के संन्यासियों ने यहां की आध्यात्मिकता व ब्रह्माण्डीय स्पन्दन से परिचय कराया।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार उस कक्ष में भी पहुंचे। जहां प्रेमावतार परमहंस योगानन्द जी रहा करते थे। उस कक्ष में जाकर राज्यपाल ने कुछ समय बिताया और वहां की आध्यात्मिकता से स्वयं परिचित हुए। राज्यपाल को उस लीची वृक्ष के बारे में भी बताया गया। जहां परमहंस योगानन्दजी योगदा की शिक्षा दिया करते थे। उसके बाद उन्होंने स्मृति मंदिर जाकर कुछ समय बिताई।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने यहां कुछ देर स्वामी ईश्वरानन्द गिरि के साथ भी बिताई। स्वामी ईश्वरानन्द गिरि ने योगदा की आध्यात्मिकता, परमहंस योगानन्द के आध्यात्मिक जीवन, यहां की गुरु परम्परा, योगदा सत्संग द्वारा चलाये जा रहे अन्य सेवा कार्यों के बारे में भी राज्यपाल को बताया।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार चूंकि स्वयं भी आध्यात्मिकता से जुड़े रहे हैं। उन्हें ये सब जानकर अंदर से बहुत खुशी हुई। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार को स्वामी ईश्वरानन्द गिरि ने स्मृति चिह्न के रुप में योगदा सत्संग से जुड़ी कुछ आध्यात्मिक पुस्तकें भी भेंट की। जिसे राज्यपाल ने स्वीकार किया।
काफी देर यहां बिताने के बाद राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने स्वीकार किया कि रांची में आध्यात्मिकता से ओत-प्रोत ऐसी जगह कोई दूसरा नहीं हैं। उन्होंने यहां के संन्यासियों और योगदा सत्संग आश्रम से जुड़ी आध्यात्मिक गतिविधियों और सेवा कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
