राजनीति

“स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान का राज्यस्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज सदर अस्पताल, रांची में आयोजित “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान के राज्यस्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और सशक्त समाज की नींव रखती है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की भूमिका समाज में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। एक स्वस्थ नारी ही परिवार और समाज को सशक्त बना सकती है। उनकी सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को अपनी प्राथमिकता मानती है। महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और जागरूकता को लेकर उनकी सरकार निरंतर प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आगे कहा कि जब महिलाएँ स्वस्थ और सुरक्षित होंगी तो परिवार मजबूत होगा और आने वाली पीढ़ी भी स्वस्थ और सशक्त बनेगी। उनकी सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है, क्योंकि महिला ही परिवार और समाज की आधारशिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएँ आज पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर समाज के हर क्षेत्र में अग्रसर हैं। महिलाएँ आज आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक रूप से निरंतर आगे बढ़ रही हैं। रोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में महिलाएँ अपनी सक्रिय भागीदारी से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं। स्वरोजगार योजनाओं, स्वयं सहायता समूहों और सरकारी नीतियों का लाभ उठाकर वे अपने परिवार की आय बढ़ाने के साथ-साथ समाज के आर्थिक विकास में भी योगदान दे रही हैं। सामाजिक क्षेत्र में महिलाएँ जागरूकता, नेतृत्व और सहभागिता की भूमिका निभा रही हैं। पंचायतों से लेकर उच्च पदों तक उनकी उपस्थिति समाज को नई दिशा दे रही है।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि जब महिलाएँ सशक्त होंगी तभी समाज और राज्य मजबूत होगा। इसी उद्देश्य से सरकार ने महिलाओं के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाएँ लागू की हैं। जिनमें नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, मातृत्व लाभ योजनाएँ, पोषण आहार वितरण, किशोरियों के लिए स्वास्थ्य व स्वच्छता अभियान और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के प्रयास शामिल हैं।

हेमन्त सोरेन ने कहा कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में महिला स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि समय पर जाँच और उपचार उपलब्ध कराया जा सके। शिक्षा के क्षेत्र में छात्रवृत्ति, निःशुल्क शिक्षा और कौशल विकास कार्यक्रमों के जरिए बेटियों को मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में मातृत्व लाभ योजनाएँ, पोषण अभियान और निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण जैसी सुविधाएँ दी जा रही हैं।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आगे कहा कि आज झारखण्ड की बेटियाँ शिक्षा, स्वास्थ्य और खेलकूद के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू रही हैं। वे केवल राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। चाहे खेल मैदान हो, शैक्षणिक उपलब्धि हो या चिकित्सा एवं अनुसंधान का क्षेत्र — झारखंड की बेटियाँ अपनी मेहनत और लगन से राज्य का नाम रोशन कर रही हैं। यह हम सबके लिए गर्व का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *