हजारीबाग में डकैती की योजना बनाने वाले पांच बदमाश हथियारों सहित गिरफ्तार
हजारीबाग जिले में चोरी, लूट एवं डकैती जैसे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कोर्रा थाना क्षेत्र में डकैती की योजना बना रहे पांच सशस्त्र अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों ने पूर्व में हुई कई लूट और चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की है।
बताया जा रहा है कि दिनांक 18.10.2025 को लगभग 20:00 बजे, पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई, जिसमें बताया गया कि कुछ लोग कोर्रा थाना क्षेत्र के कनहरी हिल, वन क्षेत्र के आसपास डकैती की योजना बना रहे हैं। इस सूचना के तत्काल बाद, सदर अनुमंडल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक छापामार टीम का गठन किया गया।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कनहरी हिल के संदिग्ध स्थानों पर सर्च अभियान चलाया। इसी दौरान, टोर्च की रोशनी में कुछ लोगों को योजना बनाते हुए देखा गया। पुलिस द्वारा घेराबंदी करने पर अपराधी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन छापेमारी दल ने सभी पांचों व्यक्तियों को खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अपराधियों में धनीराम सोरेन उर्फ नेपाली, बलराम मुंडा, किशोर कुमार उर्फ बिहारी, तैयब अंसारी और विकास कुमार का नाम शामिल है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार व्यक्तियों ने स्वीकार किया कि वे उस स्थान पर डकैती की योजना बना रहे थे। साथ ही, उन्होंने हाल ही में पतरातु बस्ती के एक सुनसान इलाके में एक बर्थडे पार्टी में हथियारों का भय दिखाकर लगभग 8-10 मोबाइल फोन, सोने का चेन, अंगूठी और लगभग 90,000 रुपये नकद लूटने की घटना को अंजाम देने की भी बात स्वीकारी।
इस घटना के संबंध में कोर्रा थाना में कांड संख्या-185/2025, दिनांक-18.10.2025, धारा-310 (4) B.N.S (डकैती), 25(1-B)a/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इनके पास से एक पिस्टल मैगजीन सहित व तीन गोलियां, एक देसी कट्टा, कुछ छह गोलियां, लगभग 48 ग्राम सोना, चांदी की सिकरी, दो बाइक व आठ मोबाइल फोन भी बरामद किये गये।
गिरफ्तार किए गए सभी अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। मुख्य आरोपी धनीराम सोरेन और बलराम मुंडा पर डकैती, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट और गुंडागर्दी सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। अन्य आरोपी तैयब अंसारी और किशोर कुमार पर भी डकैती और हथियारों से जुड़े मामले दर्ज हैं।