आखिरकार पूर्व कोषाध्यक्ष सुशील कुमार सिंह ने अपने पूर्व के बयान के आधार पर रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष के चैंबर में तालाबंदी कर ही दी, सचिव अमरकांत ने किया इनकार
आखिरकार पूर्व कोषाध्यक्ष सुशील कुमार सिंह ने अपने पूर्व के बयान के आधार पर रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष सुरेन्द्र सोरेन के चैंबर में तालाबंदी कर ही दी। उन्होंने अभी-अभी विद्रोही24 से बातचीत में कहा कि चूंकि अध्यक्ष व सचिव ने रांची प्रेस क्लब के बायलॉज के खिलाफ निकाले गये अपने नोटिस को वापस नहीं लिया तो उनके पास कोई विकल्प नहीं था। उन्होंने अपने वायदे के अनुसार रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष के चैंबर में आज तालाबंदी कर दी।
उन्होंने यह भी कहा कि चूंकि रांची प्रेस क्लब में जो भी चैंबर बने हैं। उसमें अत्याधुनिक लॉकिंग सिस्टम लगाई गई है। ऐसे में पूर्व की भांति तालों को उसमें लटकाया नहीं जा सकता। इसलिए उन्होंने एक मेटल का टुकड़ा जो चाबी के साइज का था, उसमें फेविक्वि की सहायता से, अत्याधुनिक लॉकिंग सिस्टम को लॉक कर दिया, जो अब नहीं खुल सकता। उन्होंने यह भी कहा कि ये वर्तमान में सांकेतिक तौर पर उन्होंने ऐसा किया है। उन्होंने कहा कि वे किसी भी कीमत पर रांची प्रेस क्लब के बायलॉज के खिलाफ लाये गये किसी भी प्रस्ताव या अधिसूचना को लागू नहीं होने देंगे।
बताया यह भी जा रहा है कि अगर 27 जुलाई तक जिन लोगों से अध्यक्ष व सचिव ने आपत्तियां मांगी है। अगर उन गलतियों को नहीं सुधारा गया तो हो सकता है कि सुशील कुमार सिंह प्रेस क्लब के अन्य पदाधिकारियों के चैंबर में भी तालाबंदी कर सकते हैं या पूरे आफिस में भी तालाबंदी कर सकते हैं।
उधर सचिव अमरकांत से जब विद्रोही24 ने इस संबंध में बातचीत के क्रम में पूछा कि क्या प्रेस क्लब के अध्यक्ष सुरेन्द्र सोरेन का चैंबर बंद है तो उन्होंने चैंबर बंद होने से इनकार किया। इधर सूचना है कि रांची प्रेस क्लब के मैनेजर जेमिनी सरकार ने रांची प्रेस क्लब से रिजाइन देकर नये जगह ज्वाइन करने के लिए निकल पड़े हैं।
रांची प्रेस क्लब से जुड़े कई पत्रकारों ने विद्रोही24 को बताया कि जेमिनी सरकार मृदुभाषी थे, उनकी अंग्रेजी भाषा पर भी अच्छी पकड़ थी। सभी के साथ उनका अच्छा व्यवहार था। लेकिन रांची प्रेस क्लब में चल रही हमेशा की किच-किच से वे भी परेशान रहा करते थे और एक अच्छे जगह की तलाश में थे। उन्हें जल्द ही अच्छी जगह मिल गई और वे रांची प्रेस क्लब से निकल पड़े। आज रांची प्रेस क्लब में कई लोगों ने उन्हें विदाई भी दी।