राजनीति

राँची में रक्षा सम्पदा उप-कार्यालय की स्थापना झारखण्ड राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी निर्णयः राज्यपाल

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज राँची में रक्षा सम्पदा उप-कार्यालय के नवीन कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राँची में रक्षा सम्पदा उप-कार्यालय की स्थापना झारखण्ड राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी निर्णय है, जिससे राज्य में रक्षा भूमि प्रबंधन को अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं समयबद्ध बनाया जा सकेगा।

राज्यपाल ने कहा कि पूर्व में झारखण्ड राज्य के सभी जिलों एवं सैन्य स्टेशनों की रक्षा भूमि का प्रबंधन बिहार के दानापुर से किया जा रहा था। व्यापक क्षेत्राधिकार एवं भौगोलिक दूरी को ध्यान में रखते हुए राँची में उप-कार्यालय की स्थापना से अब रक्षा भूमि से संबंधित मामलों में स्थानीय स्तर पर त्वरित, सरल एवं प्रभावी समाधान संभव हो सकेगा। यह नया उप-कार्यालय राज्य प्रशासन एवं रक्षा प्रतिष्ठानों के बीच समन्वय को और अधिक मजबूत करेगा।

राज्यपाल ने भारतीय सैनिकों के पराक्रम, साहस और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि हमारे सैनिक न केवल सीमाओं की रक्षा करते हैं, बल्कि आपदा के समय भी समर्पण भाव से सहायता के लिए आगे आते हैं। उनका जीवन ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जब हम चैन की नींद सोते हैं, तब हमारे सैनिक सीमाओं पर जागते रहते हैं। वे विषम भौगोलिक एवं मौसमीय परिस्थितियों में, अपने परिवार और व्यक्तिगत सुख–सुविधाओं का त्याग कर, देश की रक्षा में सदैव तत्पर रहते हैं। राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण विश्व में अद्वितीय है।

राज्यपाल ने कहा कि भारत शांति का पक्षधर रहा है और विश्व को मानवता का संदेश देता है। हम बिना कारण किसी के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करते, किंतु शास्त्र की मर्यादा के साथ-साथ शस्त्र की मर्यादा निभाना भी भली-भाँति जानते हैं। उन्होंने कहा कि विगत वर्ष ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे अभियान के माध्यम से हमारी सेना ने आतंकवाद के अड्डों को समाप्त कर यह स्पष्ट कर दिया कि यह नया भारत है। यह भारत शांति चाहता है।

लेकिन यदि मानवता पर हमला होगा, तो यह दुश्मन को कुचलना भी जानता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में राष्ट्रीय सुरक्षा एवं सैनिकों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। ‘आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में रक्षा क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों से देश की सैन्य शक्ति निरंतर सुदृढ़ हो रही है।

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रक्षा सम्पदा उप-कार्यालय की स्थापना के लिए केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ एवं रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की पूरी टीम को बधाई दीं तथा विश्वास व्यक्त किया कि यह कार्यालय राष्ट्र सेवा एवं सैनिक कल्याण की भावना को और अधिक मजबूत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *