कांग्रेस पार्टी के महासचिव आलोक दुबे ने मोहर्रम पर पूरे झारखंडवासियों को दी दिली मुबारकबाद, गंगा-जमुनी तहज़ीब को बताया राज्य की सबसे बड़ी ताकत
मोहर्रम के अवसर पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने पूरे झारखंड और राजधानी के सभी निवासियों को तहेदिल से मोहर्रम की मुबारकबाद दी है। उन्होंने कहा मोहर्रम का महीना केवल शोक और विलाप का समय नहीं है, बल्कि यह इंसानियत, त्याग, साहस और एकजुटता का प्रतीक है। इमाम हुसैन की कुर्बानी का संदेश आज के समाज के लिए भी उतना ही प्रासंगिक है जितना सदियों पहले था।
आलोक कुमार दुबे ने झारखंड की गंगा-जमुनी तहज़ीब की संस्कृति पर गर्व जताते हुए कहा कि यह सांस्कृतिक विरासत ही हमारे राज्य की सबसे बड़ी ताकत है। यहाँ के लोग विभिन्न धर्मों और समुदायों के त्योहारों को बड़े ही प्रेम और सम्मान के साथ मनाते हैं, जो झारखंड को भारत के सबसे शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण प्रदेशों में से एक बनाता है। उन्होंने कहा कि इस साझा संस्कृति को बचाए रखना और आगे बढ़ाना हम सबका फर्ज है।
उन्होंने मोहर्रम की इस पावन बेला पर सभी से अपील की कि वे सद्भाव और एकता का दीप जलाएं। “आज जब देश और दुनिया कई तरह की चुनौतियों से जूझ रही है, तब हमें इमाम हुसैन की हिम्मत और न्याय की राह पर चलना चाहिए। केवल धार्मिक उत्सव ही नहीं, बल्कि आपसी समझ, प्रेम और सहिष्णुता भी हम सभी के लिए जरूरी है।
आलोक कुमार दुबे ने युवाओं को विशेष रूप से प्रेरित किया कि वे नफरत और असहिष्णुता के खिलाफ खड़े हों और अपने समाज को बेहतर, मजबूत और अधिक समृद्ध बनाने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि मोहर्रम हमें सिखाता है कि अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना और सत्य के मार्ग पर डटकर चलना हर इंसान का कर्तव्य है।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को विशेष रूप से धन्यवाद दिया है कि दूर रहकर भी सभी त्योहारों के सुगमतापूर्ण आयोजन में जरूरत के हिसाब से पूरा सहयोग कर रहे हैं ताकि जनता निश्चित होकर धार्मिक उत्सव में शामिल हो सके। राज्य की जनता का सरकार पर विश्वास बढ़ा है। उन्होंने जिला प्रशासन को भी धन्यवाद दिया।