अभिनन्दन हेमन्त सरकार को, जिसने छठव्रतियों के लिए मिसाल कायम की, घाटों का किया बेहतर प्रबंधन, साफ-सफाई ऐसी करवा दी, जैसे लगता हो कि स्वर्ग जमीन पर उतर आये हो
वर्षों बाद रांची के छठ तालाबों की ऐसी स्थिति देखने को मिली है। अभिनन्दन हेमन्त सरकार को, जिसने छठव्रतियों और उनके परिवारों के लिए एक मिसाल कायम की है। घाटों का बेहतर प्रबंधन किया है। साफ-सफाई ऐसी करवा दी, जैसे लगता हो कि स्वर्ग जमीन पर उतर आये हो। छठ घाटों की ऐसी स्थिति देख, घाटों पर आकर छठ करनेवाले बहुत ही प्रसन्न हैं।
प्रसन्न वे भी हैं, जो विभिन्न छठ घाटों व तालाबों में गंदगी को देखकर, अपने घर के छतों पर ही कृत्रिम तालाब बनाकर भगवान भास्कर को अर्घ्य देते थे। अब आज की स्थिति देख, उनका भी मन बदला है। वे भी अपने पूरे परिवार के साथ हेमन्त सरकार द्वारा इस बार की छठ घाटों का बेहतर प्रबंधन का लाभ लेंगे।
आज स्थिति यह है कि रांची में जितने भी तालाब या डैम हैं। वहां जाकर आप देखे। आपको कुछ नया मिलेगा। पहली बार राज्य सरकार के प्रयास से दो सप्ताह पहले ही विभिन्न तालाबों व डैमों की सफाई शुरु कर दी गई थी। यहीं नहीं, इन तालाबों व डैमों की ओर जानेवाले रास्तों की भी मरम्मत कर दी गई थी। नालों की बेहतर सफाई कर दी गई थी। ताकि सड़कों के उपर गंदगी न बहे।
राज्य सरकार ने इस बार छठ पर्व के आने के पहले ही घाटों की ओर जानेवाले सड़कों की स्ट्रीट लाइट ठीक करवा दी। इस बार सरकार की ओर से डैमों व तालाबों के पास विशेष लाइट की भी प्रबंध करा दी गई है। छठव्रतियों के ड्रेस चेंज करने के लिए विभिन्न घाटों पर बड़ी संख्या में ड्रेस चेंज करने की व्यवस्था कर दी गई है।
जिन-जिन तालाबों पर पानी ज्यादा है या गहराई ज्यादा हैं। वहां बांस लगाकर लोगों को मनाही कर दी गई है। साथ ही वहां सूचनाएं भी दे दी गई हैं। कोई अप्रिय घटना न हो, इसके लिए कई जगहों पर तैराकों की भी व्यवस्था इस बार ज्यादा संख्या में कर दी गई हैं। पहली बार इस प्रकार की व्यवस्था देखकर सभी ने हेमन्त सरकार के इस प्रयास की मुक्तकंठ से प्रशंसा की है।
इधर विभिन्न छठ पूजा समितियों ने भी इस बात को स्वीकार किया कि इस बार उन्हें कुछ ज्यादा करना नहीं पड़ा। रांची नगर निगम के सफाईकर्मियों ने खुलकर सहयोग किया है। जिसके कारण इस बार छठ व्रतियों और उनके परिवारों को ज्यादा कष्ट उठाना नहीं पड़ेगा। कल इन्हीं घाटों पर छठव्रती भगवान भास्कर को अपना पहला अर्घ्य समर्पित करेंगे।
