मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन महाशिवरात्रि के अवसर पर पहुंचे पहाड़ी मंदिर, भगवान भोलेनाथ की पारंपरिक विधि-विधान से की पूजा-अर्चना, राज्य की प्रगति, सुख-शांति व समृद्धि की कामना की
बम बम भोले…, हर हर महादेव…, के जयघोष के बीच मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर राजधानी रांची के ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर में आयोजित महाशिवरात्रि महोत्सव में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पारंपरिक विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर राज्य की उन्नति, सुख-समृद्धि-शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने राज्य वासियों को इस महापर्व की शुभकामनाएं दी और कहा कि आप सभी पर बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद सदैव बना रहे।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर में हर वर्ष श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ता है। इस वर्ष भी यहां हजारों-हजार की संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा वे यहां आये सभी श्रद्धालुओं का हार्दिक अभिनंदन करते हैं और भगवान भोलेनाथ से उनके खुशहाल जीवन की कामना करते हैं।
उन्होंने सभी से कहा कि आप सभी इस महाशिवरात्रि महापर्व को पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाएं। इस अवसर पर श्री शिव बारात आयोजन महासमिति, पहाड़ी मंदिर, रांची द्वारा मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का परंपरानुसार स्वागत और अभिनंदन किया गया। श्रीशिव बारात आयोजन समिति द्वारा इस अवसर पर भगवान भोलेनाथ और पार्वती की एक भव्य झांकी भी निकाली गई।
