राजनीति

अन्तर्राष्ट्रीय सरना धर्म महासम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने हेतु CM हेमन्त सोरेन को मिला आमंत्रण

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में लुगू बुरु घांटा बाड़ी धोरोम गाढ़ के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। मौके पर मुख्यमंत्री को प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने अवगत कराया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सोहराय कुनामी (कार्तिक पूर्णिमा) के शुभ अवसर पर लुगू बुरु घांटा बाड़ी धोरोम गाढ़, टी०टी०पी०एस० ललपनिया बोकारो में आगामी 03, 04 एवं 05 नवम्बर 2025 को “अन्तर्राष्ट्रीय सरना धर्म महासम्मेलन-2025” कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

मौके पर प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्यों ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने हेतु सादर आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने भी अपने मुख्यमंत्री आवास पर आये इन सारे प्रतिनिधियों का स्वागत किया, तथा उनकी सारी बातों को ध्यान पूर्वक सुना, साथ ही उनकी समस्याओं से भी अवगत हुए।

ज्ञातव्य है कि सरना धर्म को लेकर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन भी चिन्तित रहे हैं, तथा समय-समय पर इस धर्म को लेकर अपने इरादों को स्पष्ट करते रहे हैं। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में लुगू बुरु घांटा बाड़ी धोरोम गाढ़ के अध्यक्ष बबुली सोरेन, सचिव लोबिन मुर्मू सहित मिथिलेश किस्कू, बिंदे सोरेन (मांझी बाबा, जमशेदपुर), सुरेन्द्र टुडू, बुधन सोरेन, सुखराम बेसरा, मेघराज मुर्मू, संतोष हेंब्रम एवं अन्य उपस्थित रहे।