धर्म

रामार्चा पूजा : भक्ति, साधना और जनकल्याण का अनुष्ठान, अयोध्या से जमशेदपुर तक अनवरत जारी है रामार्चा पूजा की परंपरा, जमशेदपुर में 25 वर्षों से सरयू राय निभा रहे प्रमुख यजमान की भूमिका

विद्रोही24 पर दिया गया यह आलेख वरिष्ठ पत्रकार आनन्द सिंह ने लिखा है। आनन्द सिंह की राजनीति व धर्म-विज्ञान पर अच्छी पकड़ है। आइये जानते हैं, उनके दृष्टिकोण से रामार्चा पूजा के बारे में। आखिर रामार्चा पूजा है क्या और यह किस तरह हमें आध्यात्मिकता की शिखर की ओर ले जाता है। बिना किसी किन्तु-परन्तु से हम अपनी बात का यहीं इतिश्री कर लेते हैं और वरिष्ठ पत्रकार आनन्द सिंह द्वारा लिखित इस आलेख से अपना ज्ञानवर्द्धन करते हैं…

एक दृश्य की कल्पना कीजिए। नौ वर्गफुट की लकड़ी की एक चौकी है। पुरुष और महिलाएं मिलकर उसे पूरे मनोयोग से सजा रहे हैं। कोई फूल-मालाओं से उसे आकर्षक रूप दे रहा है तो कोई रंग-बिरंगे कागजों से उसकी सज्जा में जुटा है। कोई चांदनी तैयार कर रहा है तो कोई चौकी के पायों के पास केले के थम बांध रहा है। वातावरण में एक अलग ही आध्यात्मिकता घुली हुई है। हर व्यक्ति के भीतर कुछ विशेष करने का उत्साह है। जे रोड स्थित 42 नंबर आवास को सजाने-संवारने का काम पूरी तन्मयता से चल रहा है।

कहीं तोरण (झंडियां) लगाने की तैयारी है तो कहीं इस बात का ध्यान रखा जा रहा है कि रोशनी का फोकस चांदनी पर ठीक से पड़े। पूजा कराने वाले ब्राह्मणों का दल भी पूरी तल्लीनता से रामार्चा पूजा और उससे जुड़े वैदिक विधि-विधानों पर चर्चा कर रहा है। इस पूरे आयोजन के बीच लोगों की बातचीत का एक विषय जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय भी हैं। चर्चा इस बात की है कि किस लगन, निष्ठा और शिद्दत के साथ वे लगातार 25 वर्षों से इस पूजा का आयोजन करते आ रहे हैं।

20 और 21 नवंबर को आयोजित होने वाला यह अनुष्ठान इस परंपरा का 26वां वर्ष होगा। 75 वर्ष से अधिक की आयु पार कर चुके सरयू राय के लिए रामार्चा पूजा महज एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि एक तपस्या की तरह है। इसमें उनकी आस्था के साथ जनकल्याण की भावना भी गहराई से जुड़ी हुई है। यही कारण है कि वे सभी को इस पूजा में शामिल होने और अगले दिन प्रसाद ग्रहण करने के लिए आत्मीयता से आमंत्रित करते हैं। उनके इस आग्रह में किसी औपचारिक निमंत्रण से अधिक अपनत्व और लोकमंगल की कामना दिखाई देती है।

रामार्चा पूजा के तीन अध्यायों का मैं स्वयं साक्षी रहा हूं। चौथे आयोजन में एक गिलहरी की तरह अपना छोटा-सा योगदान कर रहा हूं। इन अनुभवों के आधार पर मैं निःसंकोच कह सकता हूं कि वैदिक परंपरा के अनुरूप जिस मनोभाव और समर्पण के साथ सरयू राय रामार्चा पूजा का आयोजन करते हैं, वह अपने आप में विशिष्ट है।

यहां केवल पूजा-पाठ नहीं होता, बल्कि भक्ति के साथ कर्तव्यबोध और जिम्मेदारी का भी अनूठा संगम देखने को मिलता है। हर व्यक्ति अपनी भूमिका और जिम्मेदारी के प्रति सजग दिखाई देता है। कोई व्यवस्था संभाल रहा होता है, कोई सजावट में लगा होता है तो कोई पूजा की तैयारियों में जुटा रहता है। अलग-अलग पृष्ठभूमि और स्वभाव के लोग यहां आते हैं, लेकिन पूजा के समय सभी एक ही भक्तिभाव में बंधे नजर आते हैं। दो दिनों तक पूरा वातावरण जैसे भक्ति के एक अदृश्य सूत्र से जुड़ा रहता है। एक ऐसा सम्मोहन, जो मन को अपनी ओर खींचता है और भीतर तक आध्यात्मिक अनुभूति कराता है।

पहले दिन पूरी श्रद्धा और वैदिक विधि-विधान के साथ रामार्चा पूजा संपन्न होती है। दूसरे दिन रुद्राभिषेक का अनुष्ठान होता है। रुद्राभिषेक के उपरांत होने वाला हवन वातावरण की आध्यात्मिकता को और गहरा कर देता है। मंत्रोच्चार, हवन की सुगंध और श्रद्धालुओं की उपस्थिति मिलकर एक ऐसा परिवेश रचते हैं, जिसमें भक्ति की अनुभूति सहज ही होने लगती है।

इस पूजा की सबसे बड़ी विशेषता इसका सर्वसमाज और मानव मात्र के कल्याण के लिए समर्पित होना है। इसमें सरयू राय के परिजनों के साथ-साथ आम और खास, सभी वर्गों के लोग सहभागी बनते हैं। लोग घंटों बैठकर पूजा-अनुष्ठान में अपनी सहभागिता निभाते हैं। यहां किसी के पद, प्रतिष्ठा या सामाजिक हैसियत का कोई विशेष अर्थ नहीं रह जाता। सभी एक ही आध्यात्मिक भावभूमि पर उपस्थित होते हैं। यही इस आयोजन की आत्मा है।

बीते 25 वर्षों से बेगूसराय के पंडित गौरीकांत ठाकुर के कुशल मार्गदर्शन में रामार्चा पूजा का आयोजन होता आया है। उनके दिशा-निर्देश और देखरेख में विनोद पांडेय तथा उनकी टीम इस वैदिक अनुष्ठान को संपन्न कराती रही है। वर्षों से चली आ रही यह सहभागिता आयोजन की निरंतरता, अनुशासन और परंपरा को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही है।

दरअसल, किसी धार्मिक अनुष्ठान की सार्थकता केवल उसके विधि-विधान या भव्यता में नहीं होती। उसकी वास्तविक शक्ति उस भावना में निहित होती है, जिसके साथ उसका आयोजन किया जाता है। रामार्चा पूजा के इन 25 वर्षों की यात्रा में सरयू राय की निष्ठा, सामूहिक सहभागिता और जनकल्याण की भावना इसी बात को रेखांकित करती है।

20 और 21 नवंबर को एक बार फिर जे रोड स्थित 42 नंबर आवास इसी आध्यात्मिक चेतना का साक्षी बनेगा। चौकी सजेगी, फूल-मालाएं चढ़ेंगी, मंत्र गूंजेंगे, हवन होगा और श्रद्धा के साथ लोग एकत्रित होंगे। यह केवल एक पूजा का आयोजन नहीं होगा, बल्कि आस्था, समर्पण, सहभागिता और लोकमंगल की उस परंपरा का पुनर्स्मरण होगा, जिसे सरयू राय ने अपनी निरंतर साधना से 25 वर्षों तक जीवंत रखा है।

दरअसल, रामार्चा पूजा भगवान श्रीराम की उपासना से जुड़ा एक विशिष्ट धार्मिक अनुष्ठान है। इसमें भगवान श्रीराम के साथ उनके माता-पिता, भाइयों, माता सीता, हनुमान और उन सभी सहयोगियों का पूजन किया जाता है, जिन्होंने रामकथा में प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह पूजा केवल भगवान श्रीराम की आराधना तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके संपूर्ण परिवार और सहयोगियों के प्रति श्रद्धा तथा कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम भी है।

रामार्चा पूजा की परंपरा का संबंध अयोध्या से माना जाता है। अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि और रामभक्ति की प्रमुख धार्मिक पीठ है। यहां सदियों से रामोपासना, रामचरित पाठ और विभिन्न वैदिक अनुष्ठानों की परंपरा रही है। हालांकि रामार्चा पूजा की शुरुआत की निश्चित ऐतिहासिक तिथि, इसके मूल प्रवर्तक और इसकी प्राचीनतम लिखित प्रमाणिकता के बारे में अभी पर्याप्त दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं।

वर्ष 2020 में अयोध्या में श्रीराम मंदिर के भूमि पूजन से पहले रामार्चन पूजा का आयोजन किया गया था। इस अनुष्ठान में भगवान श्रीराम के आगमन और मंदिर निर्माण के शुभ कार्य से पहले विभिन्न देवी-देवताओं का आह्वान किया गया था। पूजा के विभिन्न चरणों में राजा दशरथ, उनकी रानियों, भगवान श्रीराम के भाइयों और उनकी पत्नियों तथा हनुमान जी का पूजन भी शामिल था। मार्च 2026 में अयोध्या के बावन मंदिर में भी रामार्चा पूजन का आयोजन हुआ। इससे स्पष्ट है कि अयोध्या में रामार्चा पूजन की धार्मिक परंपरा आज भी जीवंत है। हालांकि देश के अलग-अलग हिस्सों में होने वाले रामार्चन और रामार्चा अनुष्ठानों की विधियों में अंतर हो सकता है।

रामार्चा पूजा का धार्मिक महत्व

रामार्चा पूजा में भगवान श्रीराम के संपूर्ण परिवार और उनके सहयोगियों की आराधना की जाती है। जमशेदपुर में आयोजित होने वाली पूजा के विवरण के अनुसार इसमें अलग-अलग आवरणों में देवी-देवताओं का आह्वान, स्थापना और पूजन किया जाता है। पूजा में राजा दशरथ, माता कौशल्या, भगवान श्रीराम के भाइयों लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न तथा उनके परिवारों का पूजन होता है। इसके बाद माता सीता के साथ भगवान श्रीराम की आराधना की जाती है।

हनुमान जी और रामकथा में सहयोग करने वाले अन्य पात्रों का भी स्मरण किया जाता है। इस पूजा का मूल भाव यह है कि किसी भी महान कार्य की सफलता में केवल नेतृत्व करने वाले व्यक्ति की ही नहीं, बल्कि उसके सहयोगियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। भगवान श्रीराम के जीवन और रामायण के प्रसंगों के माध्यम से यह अनुष्ठान सहयोग, समर्पण, कर्तव्य, मर्यादा और पारिवारिक मूल्यों का संदेश देता है। जमशेदपुर में आयोजित पूजा में वैदिक मंत्रोच्चार, आवाहन, स्थापना, हवन, पूर्णाहुति, आरती और पुष्पांजलि जैसे अनुष्ठान संपन्न होते हैं।

रामार्चा पूजा को सार्वजनिक पहचान दिलाने में सरयू राय की भूमिका

झारखंड में रामार्चा पूजा की चर्चा होती है तो जमशेदपुर के विधायक सरयू राय द्वारा पिछले ढाई दशक से आयोजित किए जा रहे इस अनुष्ठान का उल्लेख प्रमुखता से होता है। सरयू राय ने वर्ष 2000 में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर रामार्चा पूजा का आयोजन शुरू किया था। शुरुआती वर्षों में यह आयोजन रांची में हुआ।

वर्ष 2005 में जमशेदपुर पश्चिम से विधायक निर्वाचित होने के बाद उन्होंने जमशेदपुर में इस परंपरा को आगे बढ़ाया। इसके बाद यह आयोजन धीरे-धीरे जमशेदपुर की धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों का एक महत्वपूर्ण वार्षिक कार्यक्रम बन गया। इस आयोजन की एक विशेष बात यह है कि सरयू राय ने इसे किसी राजनीतिक दल, संगठन अथवा सरकारी कार्यक्रम का स्वरूप नहीं दिया। वे स्वयं इसके प्रमुख यजमान की भूमिका निभाते हैं और पूजा के धार्मिक विधान को प्राथमिकता देते हैं।

वर्ष 2025 में आयोजित 25वीं रामार्चा पूजा के अवसर पर सरयू राय ने स्पष्ट किया था कि वे अपनी आमदनी से होने वाली बचत से इस आयोजन का खर्च उठाते हैं। इसके लिए किसी से आर्थिक सहायता या चंदा नहीं लेते। उन्होंने यह भी कहा था कि सनातन परंपराओं से लोगों को परिचित कराना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। यह पहल इस मायने में उल्लेखनीय है कि उन्होंने व्यक्तिगत धार्मिक आस्था को एक ऐसे सार्वजनिक आयोजन का रूप दिया, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल होते हैं।

चुनावी हार-जीत से अप्रभावित रही धार्मिक परंपरा

सरयू राय की रामार्चा पूजा की यात्रा का एक महत्वपूर्ण पक्ष इसकी निरंतरता है। वर्ष 2005 में जमशेदपुर पश्चिम से विधायक बनने के बाद उन्होंने यहां पूजा का आयोजन शुरू किया। वर्ष 2009 में चुनावी पराजय के बावजूद उन्होंने इस परंपरा को जारी रखा। वर्ष 2019 में जमशेदपुर पूर्वी से निर्दलीय विधायक निर्वाचित होने के बाद भी पूजा का आयोजन बंद नहीं हुआ।

यहां तक कि कोरोना महामारी के दौरान भी धार्मिक अनुष्ठान जारी रखा गया। हालांकि 2020 और 2021 में संक्रमण और सरकारी प्रतिबंधों के कारण सार्वजनिक महाप्रसाद वितरण नहीं हो सका। उस समय लोगों तक प्रसाद पहुंचाने की व्यवस्था की गई। कोरोना प्रतिबंधों में ढील मिलने के बाद सामूहिक महाप्रसाद वितरण फिर शुरू हुआ। इससे यह स्पष्ट होता है कि सरयू राय के लिए यह आयोजन केवल किसी राजनीतिक पद अथवा चुनावी सफलता से जुड़ी गतिविधि नहीं रहा, बल्कि एक व्यक्तिगत धार्मिक संकल्प और स्थापित परंपरा का हिस्सा बना रहा।

हाथी कानपूड़ी बना आयोजन का विशेष आकर्षण

जमशेदपुर की रामार्चा पूजा की चर्चा हाथी कानपूड़ी के बिना अधूरी है। इस आयोजन में श्रद्धालुओं को महाप्रसाद के रूप में विशाल आकार की पूड़ी परोसी जाती है, जिसे उसके आकार के कारण हाथी कानपूड़ी कहा जाता है। यह भोजपुर, बक्सर और बलिया क्षेत्र की पारंपरिक पाक शैली से जुड़ी है। इस विशेष पूड़ी को तैयार करने के लिए बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर से विशेष कारीगर बुलाए जाते रहे हैं।

महाप्रसाद में हाथी कानपूड़ी के साथ बूंदी, आलू-बैंगन-बड़ी की सब्जी, मिश्रित सब्जी और टमाटर-खजूर की मेवा मिश्रित चटनी भी परोसी जाती है। यह प्रसाद वितरण धीरे-धीरे आयोजन की विशिष्ट पहचान बन गया। इसमें केवल जमशेदपुर ही नहीं, बल्कि झारखंड के अन्य जिलों, बिहार और दूसरे राज्यों से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं।

वर्ष 2022 में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, सामान्य वर्षों में इस महाप्रसाद को ग्रहण करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 45 से 50 हजार तक पहुंचती रही है। इस तरह धार्मिक अनुष्ठान के साथ-साथ यह आयोजन सामूहिक सहभागिता और सामाजिक मेल-मिलाप का भी अवसर बन गया है।

गुरु पूर्णिमा से देवोत्थान एकादशी तक

सरयू राय के यहां रामार्चा पूजा की एक विशिष्ट परंपरा रही है। सामान्यतः इसका आयोजन गुरु पूर्णिमा के अवसर पर किया जाता रहा है। पूजा के बाद श्रावण मास के प्रथम दिन भगवान शिव के रुद्राभिषेक और महाप्रसाद वितरण की भी परंपरा रही है। हालांकि वर्ष 2026 में तिथि में बदलाव किया गया है। विशेष परिस्थितियों के कारण इस बार आयोजन देवोत्थान एकादशी के अवसर पर रखा गया है।

वर्ष 2026 के कार्यक्रम के अनुसार 20 नवंबर को बिष्टुपुर स्थित सरयू राय के आवास, 42 जे. रोड पर रामार्चा पूजा होगी। 21 नवंबर को बिष्टुपुर के मणिमेला मैदान में महाप्रसाद वितरण किया जाएगा। सरयू राय स्वयं आयोजन स्थल का निरीक्षण कर प्रसाद निर्माण, वितरण व्यवस्था, श्रद्धालुओं के बैठने और आवागमन की व्यवस्था की तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। यह आयोजन अब अपने 26वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है।

रामार्चा पूजा का सामाजिक संदेश

रामार्चा पूजा का महत्व केवल धार्मिक कर्मकांड तक सीमित नहीं है। इसके माध्यम से रामायण के उन मूल्यों को भी सामने लाया जाता है, जो आज के समाज में प्रासंगिक हैं। भगवान श्रीराम के साथ उनके भाइयों, माता-पिता, पत्नी और सहयोगियों का पूजन पारिवारिक एकता, त्याग, निष्ठा और सामूहिक प्रयास के महत्व को रेखांकित करता है। हनुमान की भक्ति, भरत का त्याग, लक्ष्मण की सेवा, सीता की मर्यादा और विभीषण के धर्म के प्रति समर्पण जैसे प्रसंग रामकथा के नैतिक पक्ष को सामने लाते हैं।

जमशेदपुर में सरयू राय द्वारा आयोजित रामार्चा पूजा ने इस धार्मिक परंपरा को एक व्यापक सार्वजनिक स्वरूप दिया है। इसमें आम नागरिकों से लेकर सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक क्षेत्र की विशिष्ट हस्तियां भी शामिल होती रही हैं। इस आयोजन की विशेषता यह है कि यहां पूजा में भाग लेने और महाप्रसाद ग्रहण करने के लिए किसी राजनीतिक अथवा सामाजिक पहचान की आवश्यकता नहीं होती। धार्मिक आस्था ही सहभागिता का आधार है।

एक व्यक्ति की आस्था से सार्वजनिक परंपरा तक

रामार्चा पूजा का अयोध्या से जुड़ा धार्मिक संदर्भ और जमशेदपुर में सरयू राय द्वारा पिछले 25 वर्षों से निभाई जा रही परंपरा दो अलग-अलग लेकिन महत्वपूर्ण पक्ष हैं। अयोध्या रामार्चा उपासना की धार्मिक पृष्ठभूमि और परंपरा का प्रमुख केंद्र है, जबकि जमशेदपुर में सरयू राय ने इस पूजा को नियमित सार्वजनिक आयोजन के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। किसी धार्मिक परंपरा को केवल एक बार आयोजित करना और उसे वर्षों तक निरंतरता के साथ निभाना दो अलग बातें हैं।

सरयू राय ने व्यक्तिगत संसाधनों से इस आयोजन को जारी रखकर इसे जमशेदपुर की एक विशिष्ट धार्मिक पहचान बनाने में योगदान दिया है। आज यह आयोजन केवल पूजा और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम नहीं रह गया है, बल्कि हजारों लोगों के एक साथ जुड़ने, मिलने और धार्मिक परंपरा से परिचित होने का अवसर भी बन चुका है। यही रामार्चा पूजा की जमशेदपुर यात्रा का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *