धर्म

मूल्य निर्माण में ब्रह्माकुमारी संस्था का योगदान महत्वपूर्ण, परमात्मा की अवतरण भूमि है भारत, 90 वर्षों से नई दुनिया के निर्माण में जुटी है संस्था : बीके शशि सिंह

मोतिहारी नगर के बनिया पट्टी स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवा केंद्र में ‘मूल्य निर्माण में ब्रह्माकुमारी संस्था का योगदान’ विषय पर एक सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दैनिक मुरली वर्ग से हुआ। उसके बाद विषय पर संबोधित करते हुए मुंबई के प्रसिद्ध उद्योगपति एवं वरिष्ठ राजयोगी बीके शशि भाई ने कहा कि भारत परमात्मा की अवतरण भूमि है। गीता में वर्णित धर्मग्लानि के समय परमपिता परमात्मा का आज से लगभग 90 वर्ष पूर्व भारत की भूमि पर अवतरण हुआ। उन्होंने ब्रह्मा बाबा के साधारण तन का आधार लेकर नई दुनिया के निर्माण का कार्य प्रारंभ किया।

उन्होंने कहा कि इस कार्य का मूल उद्देश्य मानवीय मूल्यों की पुनर्स्थापना करना तथा चयनित आत्माओं को सर्वगुण संपन्न और संपूर्ण निर्विकारी बनाना था। पिछले 90 वर्षों से यह ईश्वरीय कार्य भारत की भूमि से पूरे विश्व में संचालित हो रहा है और इसमें उल्लेखनीय सफलता मिली है।

बीके शशि भाई ने कहा कि वर्तमान समय में ब्रह्माकुमारी संस्था सहज राजयोग और ईश्वरीय ज्ञान के माध्यम से आत्माओं को सशक्त बनाने का कार्य कर रही है। मनुष्य की अनेक परेशानियों और समस्याओं का मूल कारण जन्म-मरण के चक्र में आने से आत्मिक शक्ति का कमजोर होना है। संस्था अपने 25 प्रभागों के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक जागृति और मानवीय मूल्यों को विकसित करने में जुटी है। संस्था में समर्पित लगभग छह हजार ब्रह्माकुमारी बहनें अपने गुणों एवं सेवाभावी कार्यों के कारण विश्वभर में पहचान बना चुकी हैं। सभी सेवा केंद्रों पर सहज राजयोग का अभ्यास कराकर लोगों को सुख, शांति और समृद्धि का मार्ग बताया जा रहा है।

इस अवसर पर सेवा केंद्र प्रभारी बीके विभा बहन ने बीके शशि भाई को बुके देकर सम्मानित किया। उनका परिचय कराते हुए उन्होंने बताया कि लगभग 30 वर्ष पूर्व मोतिहारी के सिकटिया गांव से रोजगार की तलाश में मुंबई गए शशि भाई का संपर्क ब्रह्माकुमारी संस्था से हुआ। इसके बाद उन्होंने ईश्वरीय कार्यों में अपना भरपूर सहयोग देना शुरू किया। आज मुंबई में उनके कई बड़े उद्योग हैं। चंपारण में ब्रह्माकुमारी संस्था की सेवाओं को विस्तार देने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

उन्होंने बताया कि सिकटिया, अरेराज और बालगंगा के अलावा मुंबई में भी कई सेवा केंद्रों की स्थापना में शशि भाई निमित्त बने हैं। मलाही के सिरनी फार्म में बिना रासायनिक खाद के यौगिक खेती का सफल प्रयोग कर उन्होंने कृषि क्षेत्र में भी किसानों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

मीडिया प्रभारी बीके अशोक वर्मा ने कहा कि शशि भाई ने चंपारण और मुंबई ही नहीं, बल्कि भगवानपुर, मुजफ्फरपुर तथा माउंट आबू में भी ईश्वरीय सेवाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बाबा को पूरी तरह फॉलो करते हुए उन्होंने यज्ञ की सेवाओं को निरंतर गति प्रदान की है।

कार्यक्रम के समापन पर सेवा केंद्र प्रभारी बीके विभा बहन ने बीके शशि भाई के साथ डॉ. चंदन जायसवाल एवं श्रीमती चंदन जायसवाल को ईश्वरीय सौगात भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बीके करुणा,बीके दीप, बीके अनीता,बीके पूनम, बीके राखी,  बीके प्रभु के अलावा काफी संख्या में भाई-बहन शामिल हुए। ( विशेष – यह समाचार मोतिहारी के वरिष्ठ पत्रकार अशोक कुमार वर्मा द्वारा संप्रेषित की गई हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *