राजनीति

भाजपा नेता दीपक प्रकाश ने हेमन्त सरकार के शासनकाल में पत्रकारों पर हुए कथित शोषण मामले का ब्यौरा तो दे दिया, लेकिन रघुवर दास के मुख्यमंत्रित्व काल तथा स्वयं द्वारा एक पत्रकार को कानूनी नोटिस थमाने का प्रकरण भूल बैठे

झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा मामले में राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन द्वारा मीडिया के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के साथ झारखंड सरकार, सरकारी मशीनरी, पुलिस प्रशासन का जो रवैया है, वह अलोकतांत्रिक है, उसकी जितनी भी भर्त्सना की जाए कम है।

उन्होंने रांची और सिमडेगा पुलिस द्वारा गुंडों की तरह बिना सर्च वारंट के एक प्रतिष्ठित समाचार चैनल के दफ्तर में रात को घुसने की घटना की निंदा करते हुए इसे 1975 की आपातकाल की पुनरावृत्ति बताया। उन्होंने इस विषय पर आत्मचिंतन करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि 13 नवंबर को सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाडा पर सिमडेगा के ही एक नाबालिग आदिवासी समाज की 14 वर्षीय बालिका ने दुष्कर्म और यौन शोषण का आरोप लगाते हुए एक एफआईआर दर्ज कराया। बीएनएस की धारा 183 के तहत उस नाबालिग आदिवासी बालिका का रांची के न्यायिक दंडाधिकारी के सामने बयान दर्ज होने से सरकार, सरकारी तंत्र और कांग्रेस बुरी तरह से बौखला गई है।

श्री प्रकाश ने एक नाबालिग बच्ची के साथ किए गए दुष्कर्म की घटना को गंभीर मामला बताते हुए कहा कि सत्ताधारी दल के विधायक के द्वारा इस तरह के दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया जाता है और यह घटना उजागर नहीं हो, इसके लिए राज्य सरकार और विधायक द्वारा मीडिया पर लगातार दबाव बनाया जाता है।

उन्होंने सिमडेगा के विधायक भूषण बाडा पर 2019 और 2024 में चुनाव आयोग को दिए अपने हलफनामे पर इसी तरह के यौन शोषण के दो मुकदमे एमएलए/एमपी केस संख्या 5/21 तथा सिमडेगा के महिला थाने में दर्ज केस जीआर नम्बर 320/19 का जिक्र करते हुए विधायक को यौन शोषण करने का आदतन प्रवृति वाला शख्स बताया।

श्री प्रकाश ने सिमडेगा के एसपी और उपायुक्त पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह दोनों ही अधिकारी सत्ताधारी दल के विधायक को हमेशा बचाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधायक स्वयं कहते हैं कि एसपी और डीसी को मैंने स्वयं अपने जिले में ट्रांसफर कराया है तो मेरा कोई बाल बांका नहीं कर सकता है।

उन्होंने कहा कि इस मामले को मीडिया द्वारा उठाया गया। हद तो तब हो गई जब हरमू स्थित एक न्यूज़ चैनल के कार्यालय में सादे लिबास में गुंडे की तरह अवैध रूप से घुसकर तलाशी के नाम पर भयादोहन किया गया। सूचना मिलते ही इस मामले पर जब मैंने वरिष्ठ अधिकारियों को फोन किया तो फोन नहीं उठाया। मैं घटनास्थल पर पहुंच कर धरने पर बैठ गया।

श्री प्रकाश ने झारखंड के पुलिस विभाग की कार्यशैली पर प्रश्न खड़ा करते हुए सवालिया अंदाज में कहा कि क्या बिना सर्च वारंट के किसी के घर पर रात को दबिश दी जा सकती है? पुलिस अधिकारियों के द्वारा वहां से कीमती सामानों को भी साथ ले जाया गया। लेकिन पंचनामा के तहत लिस्ट नहीं बनाया गया। इससे साफ जाहिर होता है कि इस राज्य में जंगल राज व्याप्त है।

उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि ये दोषी विधायक को बचाने की कोशिश में लगे हुए हैं। चैनल के कार्यालय सहित जहां जहाँ जो एविडेंस मौजूद है, उस एविडेंस को मिटाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने इसे लोकतंत्र की अभिव्यक्ति पर हमला बताया। उन्होंने पूछा कि किसी मामले को उजागर पत्रकार और मीडिया नहीं करेगा तो कौन करेगा?

श्री प्रकाश ने राहुल गांधी और कांग्रेस से सवाल पूछते हुए कहा कि राहुल गांधी बताएं कि सिमडेगा के विधायक भूषण बाड़ा पर जब पूर्व से यौन शोषण का मुकदमा दर्ज था तो पार्टी ने किस आधार पर उन्हें 2019 और 2024 में टिकट दी। अभी वर्तमान में जो आरोप लगा है, इस पर कांग्रेस पार्टी अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की है।

श्री प्रकाश ने न्यूज़ चैनल कार्यालय पर पुलिस की दबिश और उनके उपकरणों की जब्ती पर आपत्ति जताते हुए इसे आपातकाल के समय अभिव्यक्ति पर लगी पाबंदी से तुलना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र विरोधी है। उन्होंने कहा कि संयुक्त बिहार में 1982 में जगन्नाथ मिश्र की सरकार ने भी एक प्रेस बिल लाकर अभिव्यक्ति पर पाबंदी लगाई थी। उस मामले में मैंने भी पत्रकारों के साथ मिलकर आंदोलन किया था।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लोकतंत्र विरोधी और आजादी की अभिव्यक्ति को दबाने वाला चरित्र कोई नया नहीं है। उन्होंने राहुल गांधी से पूछा कि क्या राहुल गांधी ने अपनी प्रेम की दुकान में यौन शोषण को भी जोड़ा है? क्या राहुल गांधी अपने विधायकों को यौन शोषण करने की ट्रेनिंग दे रहे हैं? उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस अपने विधायक को बचाने की कवायद में लगी है और कल की घटना यह साबित करती है कि राज्य में जंगल राज्य पूरी तरह से व्याप्त हो गया है।

उन्होंने कई पत्रकारों के खिलाफ सरकार के द्वारा की गई दुर्भावना से ग्रसित कार्रवाई, उन पर शारीरिक हमले, धमकी और झूठे मामले दर्ज कराने की बातों का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि यह सरकार नहीं चाहती है कि कोई मीडिया घराना इनके पापों को उजागर करे। उन्होंने पत्रकार बैजनाथ महतो, अनवर शरीफ, महादेव कुमार, अविनाश मंडल, आशीष कुमार, सुशांत कुमार, बसंत साहू, रूपेश कुमार सिंह, सोनू अंसारी, गुंजन कुमार, आशुतोष चतुर्वेदी, विजयकांत पाठक, राजीव झावर, अमन चोपड़ा, हजारीबाग प्रेस क्लब सहित अन्य मीडिया संस्थानों से जुड़े मामलों की विस्तृत चर्चा की।

होनहार भाजपा नेता दीपक प्रकाश ने हेमन्त सरकार के समय की घटना का तो ब्यौरा दे दिया। लेकिन रघुवर दास के मुख्यमंत्रित्व काल में किस पत्रकार को जेल में घुसाने की कोशिश की गई थी। किसके खिलाफ धुर्वा थाना में झूठा केस दर्ज कराया गया। भूल गये। दीपक प्रकाश यह भी भूल गये कि वे भी दैनिक भास्कर के वरिष्ठ पत्रकार विनय चतुर्वेदी को कानूनी नोटिस थमा दिया था। लेकिन जैसे ही विनय चतुर्वेदी ने उनका जवाब दिया तो वो कहते हैं न सांप सूंघ जाना। दीपक प्रकाश को सांप सूंघ गया। कहने का तात्पर्य है कि इस प्रकरण पर भाजपा को भी सोच समझकर अपनी बात रखनी चाहिए, क्योंकि वे भी दूध के धुले नहीं हैं।

हालांकि अपने स्वभावानुसार उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि सरकार लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ पर हमला बन्द करे। यौन शोषण के आरोपी विधायक की गिरफ्तारी जल्द से जल्द हो अन्यथा भाजपा सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि इस सरकार के हर अलोकतांत्रिक कार्यों के खिलाफ भाजपा मुखरता से आवाज बुलंद करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *