अपनी बात

किया काम सरकार ने और श्रेय ले रही थी छठ पूजा समितियां, शानदार व्यवस्था के लिए छठव्रतियों ने हेमन्त सरकार को सराहा, आज उदयाचल भगवान भास्कर को द्वितीय अर्घ्य देने के साथ ही महापर्व छठ संपन्न

संपूर्ण झारखण्ड में महापर्व छठ संपन्न हो चुका है। इसके लिए अगर कोई सम्मान पाने का सही हकदार है, तो वे सफाईकर्मी-स्वच्छताकर्मी हैं। जो अपनी जान की परवाह न कर, गंदे जलाशयों के अंदर जाकर, पिछले एक सप्ताह से सफाई अभियान में खुद की जान जोखिम में डालकर महापर्व छठ को बेहतर बनाने में जी-जान से जुटे थे। जिन्होंने नदियों और जलाशयों तक जानेवाली सड़कों व गलियों में विशेष सफाई अभियान चला रखा था।

जिन्होंने रात-दिन एक कर सड़कों व गलियों में लगे गंदगियों के अम्बार को ठिकाने लगाया। फिर सड़कों व नालियों के पास ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया। जिन्होंने विभिन्न नदियों और जलाशयों के पास छठव्रतियों के लिए कपड़े चेंज करने की शानदार व्यवस्था कर रखी थी। जिन्होंने नदियों और जलाशयों के पास शानदार विद्युत व्यवस्था कर रखी थी, लाइट का विशेष प्रबंध कर रखा था। इतनी शानदार व्यवस्था के पीछे अगर कोई काम कर रहा था, तो वो था नगर निगम, नगर पंचायत, नगर परिषद और इनके पीछे थी सरकार की बेहतर सोच, कि छठव्रतियों और उनके परिवारवालों को इस बार कोई दिक्कत न हो।

वे बेहतर ढंग से इस महापर्व को अपने परिवार के साथ आनन्द से मना सकें और हुआ भी यहीं। लेकिन देखने में आया, यह कि ये सारे प्रबंध और कार्य सरकार द्वारा दिशा-निर्देश पर हुए, सरकार के लोगों ने इस काम को अंजाम तक पहुंचाया और श्रेय लेने की बात आई तो छठ पूजा के नाम पर बनी विभिन्न छठ पूजा समितियों ने इसका श्रेय लेने की कोशिश की और उसके नाम पर चंदा भी वसूलें।

पर जो सच्चाई जानते हैं, उन्होंने खुलकर हेमन्त सरकार के इस कार्य को सराहा और कहा कि इतनी शानदार सफाई और बेहतर व्यवस्था कोई भी पूजा समितियां इतने बेहतर ढंग से नहीं करा सकती, क्योंकि उनके पास न तो इतने संसाधन है और न ही उनके पास इतनी संख्या में लोग, जो इस महापर्व के स्वच्छता रूपी यज्ञ को सफल कर सकें।

आज देखने में आया, कि जो-जो छठव्रती और उनका परिवार जहां-जहां प्रथम दिन अर्घ्य देने के लिए पहुंचा था। ठीक उसी स्थान पर ब्रह्म मुहूर्त में पहुंच गये। नदियों और जलाशयों के अंदर प्रवेश कर भगवान भास्कर और छठि मइया का ध्यान लगाना शुरु किया और जैसे ही आकाश में पूर्व की ओर लालिमा छाई, भगवान भास्कर का उदय हुआ, लोग अर्घ्य देना प्रारंभ कर दिया। चारों ओर छठि मइया और भगवान भास्कर को समर्पित गीत सुनकर लोग भावविभोर थे।

कई जगहों पर देखा गया कि लोग अपने-अपने घरों पर ही आर्टिफिशियल तालाब का निर्माण कर लिया था और उसी आर्टिफिशियल तालाब में महापर्व छठ को संपन्न किया। प्रातःकाल में जैसे ही अर्घ्य संपन्न हुआ। प्रसाद वितरण का कार्यक्रम छठव्रतियो ने शुरु किया और लोगों ने छठव्रतियों के हाथों से प्रसाद लेकर स्वयं को धन्य-धन्य किया। यहीं नहीं इस दौरान सभी छठव्रतियों को पांव छूना नहीं भूल रहे थे। छठव्रती भी सभी को अपने स्नेहाशीष से सिंचित करती जा रही थी।

इस बार छठ में एक विडम्बना भी दिखी। चाहे वो संपन्न लोग हो या मध्यमवर्गीय परिवार के लोग, सभी ने अपने बच्चों को खुलकर वो काम करने की लाइसेंस दे दी थी। जो महापर्व छठ पर दाग लगाने का काम कर रहा था। इनके बच्चों द्वारा छोड़ी जा रही पटाखों के धमाके व धुएं पूरे वातावरण को दूषित करते जा रहे थे।

लेकिन, इन्हें शर्म महसूस नहीं हो रही थी। आश्चर्य इस बात की भी है कि वे स्वयं इन पटाखों से निकली विषैली धूओं को अपने नासिकाओं से लेकर उसे अपने फेफड़ों तक पहुंचाकर अपने जीवन लीला को प्रभावित कर रहे थे। पर उन्हें इसमें भी आनन्द ही आ रहा था। आश्चर्य यह भी देखने में आया कि इनके साथ और इनके गोद में खेल रहे नवजात शिशु व छोटे-छोटे बच्चे भी इन विषैली धुओं को अपने नासिकाओं द्वारा फेफड़ों तक पहुंचा रहे थे। पर इन्हें इसका ऐहसास नहीं था।

कई बुद्धिजीवियों ने ऐसा कर रहे युवाओं और बच्चों को मना भी किया तो पटाखा उपलब्ध करानेवाले अभिभावकों का कहना था कि इन्हें छोड़ने दीजिये। छठ खुशियों का त्यौहार है। इन्हें इन्ज्वॉय करने दीजिये। ऐसे अभिभावकों को इस घटिया सोच पर ऐसे बुद्धिजीवी आश्चर्य कर रहे थे और इसी दरम्यान इन बुद्धिजीवियों के मुंह से यह निकल गया कि जब गंदगी ही फैलानी है, विषैले धुएं के साथ ही रहना है तो फिर छठ के कुछ दिन पहले तक जलाशयों की सफाई के लिए ये लोग रोना क्यों रोते हैं? ऐसे लोगों को तो गंदगियों में रहकर ही आनन्द का सुख उठा लेना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *