जिनके आगे बड़े-बड़े अखबारों/मठाधीश पत्रकारों/दिमागी नक्सलियों/राजनीतिबाजों ने हथियार डाल दिये, वहां जुगनुओं ने लड़ने की ठानी है, राष्ट्रीय प्रेस दिवस की पूर्व संध्या पर रांची में जो कुछ हुआ, उसे लेकर एक बड़े वर्ग में नाराजगी साफ दिख रही…
आज राष्ट्रीय प्रेस दिवस है। राष्ट्रीय प्रेस दिवस समझते है न! आज ही के दिन 1966 में भारतीय प्रेस परिषद् ने औपचारिक रूप से अपना कामकाज शुरु कर दिया था। बताया जाता है कि यह दिन देश में स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता के महत्व को रेखांकित करने के लिए मनाया जाता है। लेकिन दुर्भाग्य रांची का देखिये। इसके पूर्व संध्या पर झारखण्ड पुलिस एक पत्रकार द्वारा संचालित चैनल के कार्यालय पर छापा मारती है। वहां से कई सारे उपकरण अपने साथ ले जाती है।
क्योंकि उक्त चैनल के पत्रकार अभिषेक भारती ने कांग्रेसी विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ एक समाचार चलाया था। जिसकी प्राथमिकी रांची के विधानसभा थाना में पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज हो चुकी है। इधर जैसे ही कांग्रेसी विधायक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज हुई, थोड़ी देर बाद सिमडेगा के पाकड़टांड़ थाने में पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ बालिका के अपहरण और दबाव डालकर विधायक के खिलाफ झूठा बयान देने का मामला दर्ज करा दिया गया।
फिर क्या था। जैसा कि होता है। होना शुरु हो गया। बड़े-बड़े मठाधीश पत्रकारों, बड़े-बड़े अखबारों, दिमागी नक्सलियों तथा कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का समूह एक तरफ और दूसरी तरफ जुगनुओं की तरह औकात रखनेवाले छोटे-छोटे यू-ट्यूबरों व पत्रकारों का समूह आकर अपनी-अपनी हैसियत के अनुसार मैदान में आकर अपनी ताकत दिखाने लगे। लेकिन कहां बड़े-बड़े मठाधीश पत्रकारों, बड़े-बड़े अखबारों, दिमागी नक्सलियों का समूह और कहां जुगनुओं की तरह हैसियत रखनेवाले यू-ट्यूबरों व अन्य पत्रकारों का समूह, भला मुकाबला कैसी?
रांची से प्रकाशित होनेवाले बड़े-बड़े अखबारों के समूह ने तो अभिषेक भारती को पत्रकार मानने से ही इनकार कर दिया। उन्होंने अपने समाचारों में अभिषेक भारती के नाम के आगे और न ही पीछे, पत्रकार शब्द का प्रयोग किया। यहीं नहीं, जो तथाकथित बड़े-बड़े पत्रकार जो प्रेस क्लबों का चुनाव तक लड़ चुके हैं। जिन्होंने उससे वोट तक हासिल किये हैं। वे भी उसे पत्रकार मानने से इनकार कर दिये। न ही अपने अखबारों और न ही अपने सोशल साइट पर इस संबंध में दो शब्द लिखना इन्होंने मुनासिब समझा। लेकिन अभिषेक भारती के पक्ष में जुगनुओं का समूह लड़ने के लिए निकल पड़ा है। उसे पता है कि उसकी कोई औकात नहीं। लेकिन, लड़ने में क्या जाता है? कम से कम जब इस प्रकरण की कभी चर्चा होती तो कोई उन्हें पीठ दिखाकर भागनेवाला तो नहीं कहेगा।
इधर सोशल साइट पर पत्रकारों व बुद्धिजीवियों का समूह इस प्रकरण पर जमकर अपनी बातें लिख रहा है। एक दो ऐसे लोग भी है, जो इस प्रकरण पर अभिषेक भारती को भी उल्टा-पुल्टा बोल रहे हैं। वे हजारीबाग जिले के एक थाने का प्रकरण भी उठा रहे हैं और साथ ही हाई कोर्ट द्वारा दिये गये एक आदेश को भी सोशल साइट पर चिपका रहे हैं। लेकिन इनकी संख्या एक-दो से ज्यादा नहीं हैं। जबकि ऐसे लोगों की संख्या अधिक है। जो खुलकर वर्तमान में अभिषेक भारती के पक्ष में हैं। सभी का यही कहना है कि जब पॉक्सो एक्ट के तहत कांग्रेसी विधायक के खिलाफ मामला दर्ज है तो कांग्रेसी विधायक से पूछताछ न कर, उन्हें गिरफ्तार न कर, एक पत्रकार पर हाथ धोकर पील जाना झारखण्ड पुलिस बताएं कि यह कहां की शराफत है…
फिलहाल, एक ओर झारखण्ड पुलिस, कांग्रेसी नेताओं का समूह, दिमागी नक्सली, बड़े-बड़े अखबारों का समूह और बड़े-बड़े पत्रकार है तो दूसरी ओर फिर कह रहा हूं कि जुगनुओं की तरह ताकत रखनेवाले छोटे-छोटे पत्रकार व यूट्यूबर है। जो लड़ रहे हैं। भिड़ रहे हैं। जीत तो सत्य की ही होगी। लेकिन थोड़ी देर हैं। पर इसी बीच आपको यह जानना चाहिए कि आखिर सोशल साइट पर चल क्या रहा है? तो लीजिये, जुगनुओं की ताकत की धार देखिये…
रवि भास्कर उवाचः इतना गंदा… पत्रकार अभिषेक भारती के कार्यालय पहुंची पुलिस। लेकिन पास में BJP कार्यालय से भी पहुंच गए लोग। पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश वहीं धरना पर बैठ गए। अब कुछ लोग इसे राजनीति कहेंगे। लेकिन जरा सोचिए पुलिस किस कदर मानसिक प्रताड़ना दे रही है एक पत्रकार को। निष्पक्ष पत्रकारिता करने का अगर ये सिला है तो आदमी कैसे जीएगा इस राज्य में। अगर BJP और बाकी पत्रकार लोग साथ नहीं देते तो क्या होता उस पत्रकार का? कितना मनोबल टूटता! है किसी को खबर?
भाजपा प्रवक्ता अजय शाह उवाचः हेमंत सरकार में कांग्रेस विधायकों की कोई विशेष अहमियत नहीं रह गई है। भूषण बाड़ा के मामले को आधार बनाकर सरकार भारत मित्र मीडिया/अभिषेक भारती से जेपीएससी-जेएसएससी घोटाले पर लगातार मुखर रहने का बदला ले रही है। साथ ही, आगे चुप रहने का दबाव बनाने की कोशिश भी की जा रही है।
भूषण बाड़ा इतने बड़े नेता नहीं हैं कि उन्हें बचाने के लिए सिमडेगा से लेकर रांची तक की पुलिस एक पैर पर खड़ी हो जाए। असली वजह तो यह है कि जेपीएससी-जेएसएससी घोटाले में कई बड़े-बड़े सफेदपोशों के नाम और हित जुड़े होने के आरोप हैं। ऐसे में आशंका है कि आने वाले दिनों में सरकार की आलोचना करने वाले मीडिया संस्थानों और पत्रकारों पर अलग-अलग मामलों के जरिए दबाव बनाने और उनकी आवाज़ दबाने की कोशिशें तेज़ होंगी।
पत्रकार रणजीत कुमार उवाचः भूषण को हज़ारीबाग में कांग्रेसी ही कूट देते, हमलोगों ने ही बचाया था।
पत्रकार देवाशीष भारती उवाचः पत्रकार का काम सवाल उठाना है, चाहे सवाल सत्ता पक्ष से हो या विपक्ष से! पत्रकार जब सच उजागर करता है तो मिर्ची लगना स्वाभाविक है। लेकिन सवालों से नाराज होने के बजाय उनका जवाब तथ्यों के साथ देना चाहिए। पत्रकारिता किसी सरकार, विपक्ष या व्यक्ति की जागीर नहीं है। पत्रकार का दायित्व है कि वह सच के साथ खड़ा रहे।
भूषण बड़ा मामले में भी सवाल उठ रहे हैं। आखिर निष्पक्ष जांच क्यों नहीं हो रही है? आम आदमी पर POCSO एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होता है तो पुलिस की कार्रवाई कितनी तेजी से होती है, यह किसी से छिपा नहीं है। फिर इस मामले में अब तक गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर सवाल क्यों न उठें?
सबसे गंभीर चर्चा यह भी है कि कथित तौर पर पुलिस पीड़िता को आरोपी के घर लेकर गई थी। यदि यह बात सही है तो इसकी जांच होनी चाहिए। आखिर ऐसी कार्रवाई के पीछे क्या वजह थी? एक और बड़ा सवाल यह है कि इतने गंभीर मामले में न्यायालय की ओर से स्वतः संज्ञान लेने को लेकर भी लोग सवाल उठा रहे हैं।
हमारी मांग बिल्कुल स्पष्ट है: मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच हो। कानून सबके लिए समान रूप से लागू हो। पीड़िता को न्याय और सुरक्षा मिले। अभिषेक भारती सहित हर पक्ष को अपनी बात रखने का अधिकार मिले। पुलिस की भूमिका की भी जांच हो। यह किसी को बचाने या फंसाने की लड़ाई नहीं है। यह कानून के राज, निष्पक्ष पत्रकारिता और न्याय की मांग है। सवाल पूछना अपराध नहीं है और पत्रकार की कलम किसी के दबाव में नहीं चलनी चाहिए। सत्ता हो या विपक्ष, रसूखदार हो या आम आदमी—कानून का तराजू सबके लिए एक समान होना चाहिए।
पत्रकार चितरंजन कुमार उवाचः इसके बाद भी द भारतमित्र न टूटेगा न झुकेगा। देहाती में कहावत है मारने नहीं सके तो थूक दो।
पत्रकार दीपक महतो उवाचः हम भी पत्रकार हैं, इसलिए एक पत्रकार का दर्द और उसकी जिम्मेदारी दोनों समझते हैं। अभिषेक भारती ने अपना पत्रकारिता धर्म निभाते हुए सच को सामने लाने का प्रयास किया है। सवाल पूछना और सच्चाई दिखाना अपराध नहीं है। खबरों के बदले एफआईआर और दबाव की राजनीति स्वस्थ लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। आज अभिषेक भारती के साथ खड़े होने की जरूरत है, क्योंकि कल यह स्थिति किसी और पत्रकार के सामने भी आ सकती है। कलम की ताकत को दबाने नहीं, सम्मान देने की जरूरत।
पत्रकार सुभाष शेखर महतो उवाचः कुछ दिन पहले नेता लोग ‘लोकतंत्र’ बचाने दिल्ली गए थे.. विधायक का खुलासा करने वाले ‘द भारतमित्र’ दफ्तर में देर रात तक पुलिस दबिश… क्या ये ‘आपातकाल’ नहीं है?
पत्रकार चंदन वर्मा उवाचः वाह विधायक जी! अब खबरों का जवाब खबरों से नहीं, FIR से दिया जाएगा? गजब का लोकतंत्र है… आखिर इनके आका संविधान को अपने जेब में लेकर घूमते हैं। लोकतंत्र में शायद एक नया नियम लागू करने की कोशिश हो रही है—नेता के खिलाफ सवाल मत पूछिए, खबर मत दिखाइए, सच सामने मत लाइए… वरना थाने का रास्ता दिखा दिया जाएगा! पत्रकार अभिषेक भारती के विरुद्ध FIR दर्ज होना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। विधायक जी, अगर खबर गलत है तो तथ्य सामने रखिए, सबूत दिखाइए और जनता के सामने अपनी सफाई दीजिए। असल में झारखंड में कांग्रेस विधायक से संविधान खतरे में है।
पत्रकार मनीष सिंह उवाचः लोकतंत्र में सवाल पूछना कब से अपराध हो गया? जिस शख्स पर एक बच्ची ने गंभीर आरोप लगाए हैं, वो आज भी खुला घूम रहा है। और जिस पत्रकार ने उस बच्ची की आवाज को सामने लाने की हिम्मत दिखाई, उसके दफ्तर पर पुलिस पहुंच जाती है, माइक जब्त कर लिया जाता है। ये कैसा न्याय है? ये कैसी व्यवस्था है? जब थाने में सुनवाई नहीं होती, जब सिस्टम से उम्मीद टूट जाती है, तब एक आम आदमी आखिर जाता कहां है? वो मीडिया के पास जाता है। और अब उसी मीडिया की आवाज को दबाया जा रहा है।
अगर आरोप झूठे हैं तो डर किस बात का? जांच होने दीजिए, दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा। लेकिन जांच की जगह पत्रकार को डराना, चैनल पर दबाव बनाना, ये तो यही बताता है कि दाल में कुछ काला है। आज जो हो रहा है, वो इतिहास में लिखा जाएगा कि कैसे अभिव्यक्ति की आजादी को कुचलने की कोशिश की गई। एक पत्रकार को डराकर आप एक आवाज बंद कर सकते हैं, लेकिन लोगों के मन में उठ रहे सवालों को कैसे बंद करेंगे? झारखंड हाईकोर्ट से उम्मीद है कि वो इस पूरे मामले पर संज्ञान लेगी। एक तरफ बच्ची के आरोप हैं, दूसरी तरफ मीडिया पर हो रही कार्रवाई है। दोनों पर निष्पक्ष नजर जरूरी है। क्योंकि लोकतंत्र में मीडिया को चुप कराना, लोकतंत्र को ही चुप कराना है।
पत्रकार सोनू अंसारी उवाचः आज राष्ट्रीय प्रेस दिवस है और आज बधाई के फूल नहीं, आईना दिखाने का दिन है। देखिए साहब… पत्रकार और चाटूकार के बीच कोई बहुत बड़ा अंतर नहीं है। यह बस रीढ़ की हड्डी और ज़मीर का सौदा है। एक उसूल हमेशा याद रखिए…जो सच में पत्रकारिता करता है, वो किसी के यहाँ दरबार नहीं लगाता। असली पत्रकार वो है जो धूल फांककर, ज़मीन पर उतरकर बड़े खुलासे करता है और सत्ता की आँखों में आँखें डालकर तीखे सवाल पूछता है। मगर आज के दौर में सच लिखने की कीमत भी उसी को चुकानी पड़ती है। कहीं सरकारी काम में बाधा तो कहीं रंगदारी जैसी फ़र्ज़ी धाराओं की इबारत उसी की कलम के हिस्से में लिखी जाती है।
दूसरी तरफ चाटूकार वो है जो माइक को चंवर और कलम को दरबारी पंखा बना लेता है। जिस वक्त एक ईमानदार पत्रकार फ़र्ज़ी मुकदमों की फाइलें लिए कोर्ट-कचहरी के चक्कर काट रहा होता है, ठीक उसी वक्त ये दरबारी उन्हीं सिस्टम के ठेकेदारों के बगल में बैठकर ठहाके लगाते हुए चाय की चुस्कियां ले रहे होते हैं और उनकी नाकामियों पर वाह-वाही का पर्दा डाल रहे होते हैं।
….और सच कहूं तो आजकल की भीड़ देखकर यही लगता है कि अगर AI न होता, तो कई कॉपी-पेस्ट तथाकथित पत्रकारों की दुकानें तो कब की बंद हो चुकी होतीं! न कोई खोज, न कोई पसीना। बस उधार के शब्दों और तकनीक की बैसाखी के सहारे अपनी दुकानदारी चमका रहे हैं। तस्वीर बिल्कुल साफ़ है। एक लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, और दूसरा महज़ सत्ता के महल का सजावटी खंभा। मुकदमों, दबाव और दरबारदारी से दूर रहकर सच लिखने वाले सभी निडर पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं।
पत्रकार पंकज पाठक उवाचः पत्रकार और पुलिस के बीच का रिश्ता नया नहीं है। सवाल बस इतना है कि इस रिश्ते के बीच बहुत कुछ है काम है, राजनीति है और कई तरह के दबाव हैं। पत्रकार अभिषेक भारती की खबर में उठे सवाल ने इतना परेशान किया कि पुलिस ने जवाब तलाशने के बजाए उनसे पूछताछ करना जरूरी समझा। पत्रकार सवाल से घबराते भी नहीं हैं लेकिन यह उन सभी पत्रकारों को डराने की कोशिश जरूरी है जो निडर होकर सवाल करते हैं। सवाल का जवाब सवाल नहीं जवाब होता है। यह समझना जरूरी है कि किसी पत्रकार के सवाल उनके निजी नहीं होते इस बार पत्रकार अभिषेक भारती के सवाल उनके नहीं बल्कि शोषण का शिकार हुई उस बच्ची के हैं जिसने विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला अब राजनीतिक हो गया है न्याय और अन्याय के बीच अब राजनीति खड़ी है। चिंता बस इतना है कि मूल सवाल कहीं खो ना जाए…
