जैसे ही दोनों तरफ से प्राथमिकी दर्ज हुई, रांची से प्रकाशित प्रमुख अखबारों को हुआ दिव्य ज्ञान प्राप्त, एक दिन बाद अपने अखबारों में समाचार को दी स्थान, जिसने पहले समाचार दिखाई, उसे पत्रकार मानने से किया इनकार
जैसे ही दुष्कर्म की शिकार पीड़िता ने सिमडेगा के कांग्रेसी विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ रांची के विधानसभा थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी और दूसरी तरफ से दुष्कर्म पीड़िता के दादा ने सिमडेगा के पाकरटाड़ थाना में अपनी पोती के अगवा होने और विधायक के खिलाफ गलत गवाही कराने का आरोप दो लोगों के खिलाफ दर्ज करा दी। रांची के चार प्रमुख प्रतिष्ठित तथा स्वयं को सर्वाधिक बिकनेवाले अखबार (प्रभात खबर, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर) का दंभ भरनेवाले पत्रकारों व अखबारों को दिव्य ज्ञान प्राप्त हो गया।
इन चारों प्रमुख अखबारों ने दिव्य ज्ञान को प्राप्त करने के बाद आज अपने अखबारों में इस समाचार को स्थान दी और जिस पत्रकार के खिलाफ पीड़िता के दादा ने प्राथमिकी दर्ज कराई। उसे पत्रकार मानने से ही इनकार करते हुए, उक्त पत्रकार का नाम सामान्य ढंग से छापा, जैसे कि वो पत्रकार न होकर, सामान्य व्यक्ति हो या ऐसा व्यक्ति हो कि जो उस पर आरोप लगा है, वह उस प्रकार का अपराध कर सकता है।
अब चूंकि दोनों तरफ से प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है। पुलिस जांच करेगी। पुलिस कैसे जांच करती है? प्रत्येक झारखण्डियों व भारतवासियों को पता है। यह किसी से छुपा नहीं हैं। ऐसे भी गोस्वामी तुलसीदास ने कब का लिख दिया है – समरथ कहुँ नहिं दोषु गोसाईं। रबि पावक सुरसरि की नाईं॥ शायद इसी चौपाई को जानकर रांची से प्रकाशित इन अखबारों ने तीन मार्गों (प्रथम, मध्यम और उत्तम मार्ग) में से प्रथम मार्ग अर्थात् समरथ (ताकतवर) को कभी कोई दोष हो ही नहीं सकता, वाला मार्ग अपनाकर अपनी पत्रकारिता की इतिश्री कर ली है।
आश्चर्य यह भी है कि यह घटना कोई दो-चार दिन पहले की नहीं हैं। पुरानी है। लेकिन सबसे पहले इस समाचार को अभिषेक भारती ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर स्थान दिया। होना तो यह भी चाहिए था कि चूंकि यह खबर अभिषेक भारती और सोशल साइट पर गुरुवार को ही चला। इस खबर के आने के बाद अखबारों में यह समाचार शुक्रवार को यानी कल ही प्रकाशित हो जाना चाहिए था। लेकिन शायद ये अखबार प्राथमिकी दर्ज होने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही दोनों तरफ से प्राथमिकी दर्ज हुई। ये अखबार अपने रंग-रूप में आ गये और अपनी विशेष पहचान दिखा दी।
कुछ लोग जो पूर्व में पत्रकार थे। बाद में नेतागिरी के धंधे में भी आये। कभी-कभी वे विभिन्न प्रकार की सत्ता या विभिन्न मिशनरी संपोषित कारोबार में आये। वे भी खुलकर सोशल साइट पर उलटी कर रहे हैं। स्वयं को ज्यादा से ज्यादा निरपेक्ष दिखलाने के लिए भूषण बाड़ा को थोड़ा-थोड़ा और अभिषेक भारती को ज्यादा से ज्यादा दोषी ठहरा रहे हैं। वे कह रहे हैं कि अभिषेक भारती ने जो पत्रकारिता के आड़ में जो न्यूज चलाया है। वो पत्रकारिता की श्रेणी में नहीं आता है। ऐसे लोग अभिषेक भारती से तो सवाल कर रहे हैं।
लेकिन भूषण बाड़ा से एक भी सवाल नहीं पूछा है कि आप पर जो इतने गंदे आरोप लगे हैं। उसके बारे में आपका क्या जवाब है? उलटे वे सोशल साइट पर लिख रहे है कि अभी तो भूषण बाड़ा पर आरोप लगा है, आरोप की जांच और पुष्टि नहीं हुई है। वाह, जनाब। इतनी बुद्धि आप लोग कहां से लाते हैं? बिहार से झारखण्ड बनते, इस राज्य को हमने भी देखा-महसूस किया है, आज तक पता नहीं चला। शायद, यही कारण है कि यहां बलात्कार व यौन शोषण सामान्य सी बात हो गई है। अब तो जेल में भी यौन शोषण होता है और दोषी लोग बचकर आराम से निकल जाते है। लेकिन जिसका यौन शोषण होता है। वो जिंदगी भर, स्वयं को तिल-तिल मार रहा होता है, जब तक वह भौतिक रूप से मर नहीं जाता।
एक ओर ऐसे लोग है। तो दूसरी ओर कुछ पत्रकारिता में अपना अलग रूप पेश कर धीरे-धीरे अपना स्थान बना रहे लोग भी है। जिसने कुछ अलख जगाई है। उसी में से एक पत्रकार है -संजय रंजन। संजय रंजन ने लिखा है – नाबालिग बच्ची के बयान पर निष्पक्ष जांच करने के बजाय भाई अभिषेक भारती के खिलाफ़ एफ़आईआर दर्ज करना दुर्भाग्यपूर्ण है। हो सकता है कि आरोपी दोषी हो या निर्दोष भी हो। लेकिन इस शर्मनाक सच को सामने लाने वाले पर ही एफ़आईआर दर्ज करना शक्ति के दुरुपयोग जैसा है। मामला अत्यंत गंभीर है। एक पत्रकार के नाते अभिषेक भारती ने केवल अपना कर्तव्य पूरा किया है। बाकी, इस ख़बर को समाज के सामने किस तरह प्रस्तुत करना चाहिए, इस पर आप चर्चा कीजिए। चर्चा होनी भी चाहिए।
संजय रंजन के वॉल पर ही एक उभरते पत्रकार ने कमेन्टस दिये हैं। नाम है – राहुल गुरु। जरा उनका कमेन्टस देखिये – ये एक चलन शुरू हो गया पुलिस, पदाधिकारियों और अधिकारियों की ओर से… ऐसे कई उदाहरण हाल में देखने को मिले हैं। पुलिस खुद अक्षम रहती है तो सबसे पहले प्रेस विज्ञप्ति जारी करती है… खबरों को प्रसारित कर अफवाह न फैलाएं… अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। राहुल दुबे नाम का आदमी पर्चा छोड़ पर बता रहा है घटना को अंजाम उसने दिया है… पुलिस के चेहरे पर झन्नाटेदार थपड़ है… लेकिन उसे दबोचने की जगह प्रेस विज्ञप्ति कर बताते हैं… अफवाहें न फैलाएं।
