धर्म

श्री नीम करौली बाबा धाम ट्रस्ट महापर्व छठ के अवसर पर छठव्रतियों के बीच बांटेगी हनुमान चालीसा

लोकआस्था एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ के पावन अवसर पर श्री नीम करौली बाबा धाम ट्रस्ट, झारखंड द्वारा धार्मिक एवं आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के उद्देश्य से एक विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत राजभवन के निकट स्थित हटनिया तालाब, रांची में श्रद्धालुओं के बीच लगभग 2,100 श्री हनुमान चालीसा की प्रतियां निःशुल्क वितरित की जाएगी।

ट्रस्ट की ओर से यह कार्यक्रम रविवार, 15 नवंबर 2026 को संध्याकालीन अर्घ्य तथा सोमवार, 16 नवंबर 2026 को प्रातःकालीन अर्घ्य के अवसर पर आयोजित किया जाएगा। इस निमित्त तालाब परिसर में ट्रस्ट की ओर से एक विशेष कैनोपी (स्टॉल) स्थापित की जाएगी, जहां श्रद्धालुओं को ससम्मान हनुमान चालीसा भेंट की जाएगी।

ट्रस्ट के पदाधिकारियों के अनुसार इस पहल का उद्देश्य छठ महापर्व की पवित्रता एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच भगवान श्री हनुमान की भक्ति, राम नाम के स्मरण तथा सनातन संस्कृति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। हनुमान चालीसा श्रद्धा, साहस, सेवा, समर्पण एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों की प्रेरणा प्रदान करती है।

ट्रस्ट का मानना है कि धार्मिक पर्व केवल आस्था की अभिव्यक्ति ही नहीं, बल्कि समाज में सेवा, सद्भाव, एकता एवं आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करने का भी महत्वपूर्ण अवसर हैं। इसी भावना के साथ ट्रस्ट द्वारा भविष्य में भी धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से जनसेवा के कार्य निरंतर किए जाते रहेंगे।

इस निमित संपन्न हुए बैठक में ट्रस्ट के मनीष कुमार अध्यक्ष, विश्वजीत पॉल उपाध्यक्ष, महेंद्र सिंह सचिव, राजेश गुप्ता संयुक्त सचिव, आनंद कुमार कोषाध्यक्ष, अविनाश कुमार मिश्रा सह-कोषाध्यक्ष, दीपेश कुमार निराला मीडिया प्रभारी, धीरेंद्र मिश्रा सोशल मीडिया प्रभारी, अभय कुमार तिवारी सदस्य, आलोक कुमार राय सदस्य, जयंत प्रसाद साहू सदस्य, राकेश नारायण सदस्य, अश्विनी कुमार सदस्य, अभय कुमार सदस्य, संजू कुमार सदस्य उपस्थित हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *