राजनीति

पलामू में बूथ अध्यक्ष पर हमले को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण, अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र अंतर्गत पतरियाडीह गांव निवासी एवं भाजपा बूथ अध्यक्ष संजय यादव का अपहरण कर बेरहमी से मारपीट किए जाने की घटना पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष  आदित्य साहू ने गहरी नाराजगी जताते हुए घटना की कड़ी निंदा की है। इस हमले में बूथ अध्यक्ष की पसली टूट गई है और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल वे रिम्स अस्पताल में इलाजरत हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अस्पताल पहुंचकर इलाजरत संजय यादव से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।

श्री साहू ने कहा कि संजय यादव को उनके घर से अगवा कर करीब चार किलोमीटर दूर ले जाकर बबलू सिंह, शफीक अंसारी, हेमंत कुमार और शकील अंसारी द्वारा उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई है। यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। आखिर कुछ लोग क्यों नहीं चाहते कि गरीब और कमजोर वर्ग का व्यक्ति सम्मान के साथ आगे बढ़े? किसी को डराना, धमकाना और उसका शोषण करना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे दबंग और गुंडा प्रवृत्ति के तत्वों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

उन्होंने पलामू पुलिस से मांग की कि घटना में नामजद चारों आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी नहीं होती है तो भाजपा संबंधित थाना और पलामू एसपी कार्यालय का घेराव करने को बाध्य होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *