रांची के माण्डर में अवैध अंग्रेजी शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार, बिहार, यूपी और झारखंड के विभिन्न जिलों में खपाई जा रही थी नकली शराब
रांची पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए माण्डर थाना क्षेत्र के मलटोटी गांव में चल रही अवैध शराब निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में तैयार शराब, खाली बोतलें, विभिन्न ब्रांडों के स्टीकर, पैकेजिंग सामग्री और शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। इसके अलावा कई वाहन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को 4 अक्टूबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि माण्डर थाना क्षेत्र के मलटोटी गांव में बड़े पैमाने पर अवैध अंग्रेजी शराब का निर्माण और बिक्री की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण के निर्देशन में सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली और पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-द्वितीय के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मलटोटी गांव स्थित एक निर्माणाधीन मकान की घेराबंदी की। इसके बाद फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करते हुए छापेमारी शुरू की गई। पुलिस जब मकान के हॉल में पहुंची तो वहां पांच लोग शराब निर्माण के कार्य में लगे मिले। पुलिस द्वारा शराब निर्माण एवं बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में उनकी पहचान प्रत्युष शाहदेव, कुन्दन कुमार, संजय सिंह, राकेश कुमार और विष्णु कुमार के रूप में हुई।
एक महीने से चल रहा था अवैध कारोबार
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वे पिछले करीब एक महीने से अवैध अंग्रेजी शराब का निर्माण कर रहे थे। तैयार शराब की आपूर्ति बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड के अन्य जिलों में मांग के अनुसार की जाती थी। मौके से विभिन्न कंपनियों के नाम और ब्रांड का इस्तेमाल कर शराब की बोतलों की पैकेजिंग करने की सामग्री भी बरामद हुई है।
गिरफ्तार आरोपियों में 1. प्रत्युष शाहदेव (27), पिता राजेशनाथ शाहदेव, इंद्रपुरी, सुखदेवनगर, रांची, 2. कुन्दन कुमार (28), पिता संतन यादव, ग्राम भरत, थाना अंबा, जिला औरंगाबाद, 3. संजय सिंह (32), पिता गणेश सिंह, सुंदर नगर, थाना चिरकुंडा, जिला धनबाद, 4. राकेश कुमार (28), पिता महेश यादव, ग्राम भरत, थाना अंबा, जिला औरंगाबाद और 5. विष्णु कुमार (22), पिता संजीव प्रसाद वर्मा, ग्राम जगदीशपुर, थाना धरहरा, जिला मुंगेर शामिल है।
भारी मात्रा में शराब और उपकरण बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 750 एमएल की OLD BLENDED OLD MONK ब्रांड की 2040 बोतलें तथा ROYAL MANSION GOLD WHISKY की 840 भरी हुई बोतलें बरामद कीं। इसके अलावा एक सिंटेक्स टंकी में करीब 200 लीटर तैयार शराब, ROYAL CHALLENGE SELECT PREMIUM WHISKY की 180 एमएल की 14 बोतलें और करीब 25 लीटर शराब से भरा एक सफेद जार भी मिला।
पुलिस ने 750 एमएल की करीब 2000 खाली बोतलें, OLD MONK और ROYAL MANSION ब्रांड के करीब 1000 ढक्कन, शराब के ब्रांड एवं लेबल वाले स्टीकर, बोतल सील करने की मशीन तथा करीब 30 किलोग्राम कॉस्टिक कैरेमल पदार्थ भी जब्त किया है। इसके अतिरिक्त चार टुल्लू पंप, एक होंडा जनरेटर, एक पिकअप टेम्पो, एक बजाज पल्सर मोटरसाइकिल, एक महिंद्रा एसयूवी कार, एक इन्वर्टर-बैटरी और छह मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
इस मामले में माण्डर थाना कांड संख्या 115/2026, दिनांक 05.11.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 274, 275, 338, 336(3), 340(2), 318(4) एवं 3(5), उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए), कॉपीराइट एक्ट की धारा 63, 64 एवं 65 तथा ट्रेडमार्क एक्ट की धारा 102, 103 एवं 104 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
