राजनीति

होम-टू-रोल विजिट कर प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज हुआ या नहीं यह सुनिश्चित करें पदाधिकारीः के रवि कुमार

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के. रवि कुमार ने आगामी चार नवंबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं बीएलए-टू की पांचवीं बैठक तथा चुनाव पाठशाला के आयोजन को लेकर सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की।

के रवि कुमार ने बीएलओ एवं बीएलए-टू की पांचवीं बैठक में उन मतदाताओं की सूची पर विस्तार से चर्चा करने का निर्देश दिया, जिन्होंने दो बार नोटिस दिए जाने एवं घर-घर जाकर दस्तावेज संग्रहण का प्रयास किए जाने के बावजूद आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए हैं। उन्होंने कहा कि पदाधिकारी ऐसे मामलों की समीक्षा करते हुए पात्र भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि एक से 12 नवंबर तक मतदान केंद्र क्षेत्र में होम टू रोल विजिट सुनिश्चित करें ताकि एक भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से छुटे नहीं और एक भी अपात्र अथवा विदेशी व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो सके। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी बीएलओ से इस आशय का प्रमाण-पत्र भी प्राप्त किया जाए कि उनके मतदान केंद्र क्षेत्र में वर्तमान में कोई भी ऐसा पात्र भारतीय नागरिक शेष नहीं है, जिसका नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाना बाकी हो।

बैठक में राज्य प्रशिक्षण नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *