अपराध

राहुल दुबे गैंग पर रांची पुलिस का कड़ा प्रहार, छह अपराधी गिरफ्तार, कांके, हजारीबाग, उरीमारी और टंडवा में फायरिंग की घटनाओं में शामिल होने का आरोप, चार पिस्टल, आठ गोलियां व कार बरामद

कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में गिरोह के सक्रिय सदस्य और हथियार मुहैया कराने वाला व्यक्ति भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए अपराधियों की संलिप्तता कांके, हजारीबाग के ए.के. इंटरनेशनल होटल, उरीमारी और टंडवा में हुई फायरिंग की घटनाओं में सामने आई है। इन घटनाओं को अंजाम देने का उद्देश्य क्षेत्र में दहशत फैलाना बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 30 अक्टूबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के कुछ अपराधी एक कार से रिंग रोड क्षेत्र में घूम रहे हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में वरीय पुलिस उपाधीक्षक हटिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांके रिंग रोड क्षेत्र में संदिग्ध कार को रोककर उसमें सवार चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से पिस्टल, गोलियां, मैगजीन और मोबाइल फोन बरामद किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों के राहुल दुबे गिरोह से जुड़े होने और विभिन्न फायरिंग की घटनाओं में शामिल रहने की जानकारी मिली।

पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी घायल

गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर गिरोह के एक अन्य सदस्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने सीठियो इलाके में छापेमारी की। इस दौरान एक अपराधी ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सौरभ कुमार नामक आरोपित के पैर में गोली लग गई। घायल सौरभ को इलाज के लिए रिम्स, रांची भेजा गया। उसके पास से भी एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया गया।

हथियार सप्लायर जियाउल हबीब भी गिरफ्तार

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ और उनके स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर गिरोह को हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति जियाउल हबीब को भी गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से कुल चार पिस्टल, 7.62 एमएम की आठ जिंदा गोलियां, पांच मैगजीन, छह मोबाइल फोन, एक कार और एक पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में शामिल हैं— आदित्य कुमार राम उर्फ कुंदन, निवासी डोरंडा, वर्तमान पता सीठियो रोड, मुक्ति धाम के पास, धुर्वा, रांची। मोहित पासवान, निवासी अमरावती कॉलोनी, चुटिया, रांची। ऋषभ कुमार, निवासी धुर्वा डैम साइड, झोपड़पट्टी, विधानसभा थाना क्षेत्र, रांची। गुड्डू मिश्रा, निवासी रांची रोड, मरार, रामगढ़। सौरभ कुमार, निवासी धुर्वा बस स्टैंड, रांची (इलाजरत)। जियाउल हबीब, निवासी कुम्हारटोली, डोरंडा, रांची।

कई आरोपितों का रहा है आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में कई का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। जियाउल हबीब के खिलाफ चुटिया और डोरंडा थानों में धोखाधड़ी, जालसाजी और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं। वहीं, आदित्य कुमार राम उर्फ कुंदन के खिलाफ धुर्वा थाना में मामला दर्ज है। गुड्डू मिश्रा के खिलाफ मांडर, सदर और रामगढ़ थानों में चोरी एवं अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। सौरभ कुमार के खिलाफ धुर्वा थाना में मारपीट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज है। ऋषभ कुमार के खिलाफ भी धुर्वा थाना में पूर्व से आपराधिक मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

धुर्वा थाना में प्राथमिकी दर्ज, अनुसंधान जारी

इस पूरे मामले में धुर्वा थाना कांड संख्या 285/26, दिनांक 31 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू कर दिया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, हथियारों की आपूर्ति के नेटवर्क और विभिन्न आपराधिक घटनाओं में उनकी भूमिका की जांच कर रही है। रांची पुलिस की इस कार्रवाई को राहुल दुबे गिरोह की आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *