राजनीति

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मुंडा समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात, ऑनलाइन खतियान में जाति के कॉलम में सुधार का किया अनुरोध

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड, रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुंडा समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि तमाड़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बुंडू अंचल की छह पंचायतों के 18 गांवों के ऑनलाइन खतियान में जाति का नाम ‘मुंडा’ के स्थान पर ‘स्वासी’ अंकित है।

जिसके कारण उस पूरे इलाके से संबंधित ग्रामीणों को विभिन्न प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से ऑनलाइन खतियान में जाति के नाम के गलत अंकन में सुधार कराते हुए ‘स्वासी’ के स्थान पर ‘मुंडा’ दर्ज कराने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा इस संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया। इस दौरान विधायक विकास मुंडा भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल में शामिल सभी व्यक्तियों का कहना था कि इस गड़बडी़ के कारण वे कई समस्याओं से घिरे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *