रांची में भव्यता और सौहार्द के साथ संपन्न हुई दुर्गा पूजा, प्रशासन की मुस्तैदी, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और जनसहयोग से सफल आयोजन; पूजा पंडालों में पहली बार नशा मुक्ति अभियान का भी हुआ प्रचार-प्रसार
रांची जिला प्रशासन की व्यापक तैयारियों, रांची पुलिस की मुस्तैदी और आम नागरिकों के सहयोग से रांची जिले में दुर्गा पूजा भव्यता, अनुशासन और आपसी सौहार्द के साथ शांतिपूर्ण संपन्न हुई। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सैकड़ों पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की आराधना की। पूरे जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे।
ज्ञातव्य है कि जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के नेतृत्व में दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर कई दौर की बैठकें आयोजित की गई थीं। इनमें प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ शांति समिति के सदस्यों ने सुरक्षा, यातायात और जन सुविधाओं पर चर्चा की थी। वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देशन में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
सुरक्षा और जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान
पूजा के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, सड़कों की मरम्मत, साफ-सफाई और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की गई। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल एवं महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ सीसीटीवी कैमरों और सोशल मीडिया के माध्यम से निगरानी की गई। दंडाधिकारियों तथा वरीय अधिकारियों ने विभिन्न पूजा पंडालों और जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया। प्रतिमा विसर्जन के दौरान घाटों एवं तालाबों पर पुलिस बल, स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया। यातायात पुलिस ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और जुलूस मार्गों पर आवागमन सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की।
पूजा पंडालों में नशामुक्ति का संदेश
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की प्रेरणा से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने दुर्गा पूजा के दौरान नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान चलाया। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के पूजा पंडालों में नशे के दुष्परिणामों तथा नशामुक्त जीवन के लाभों से संबंधित संदेशों वाले फ्लैक्स लगाए गए। इस पहल का उद्देश्य लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और स्वस्थ समाज के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाना था।
विभिन्न विभागों और संगठनों का रहा योगदान
दुर्गा पूजा के सफल आयोजन में रांची नगर निगम, बिजली विभाग और पथ निर्माण विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। नगर निगम ने सफाई और कचरा प्रबंधन, बिजली विभाग ने निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा पथ निर्माण विभाग ने सड़कों की मरम्मत और यातायात व्यवस्था में सहयोग किया।
शांति समिति, विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों, शांति सेवा समिति हिंदपीढ़ी, युवा दस्ता, झारखंड तंजीम, सेंट्रल मुहर्रम कमेटी और सर्वधर्म सद्भावना समिति सहित विभिन्न संगठनों ने भी आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया। जनप्रतिनिधियों, वार्ड पार्षदों, आम नागरिकों, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की भूमिका भी सराहनीय रही। शांति समिति में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को भी सामाजिक सौहार्द की दिशा में सकारात्मक पहल माना गया।
उपायुक्त ने जताया आभार
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने दुर्गा पूजा के शांतिपूर्ण एवं भव्य आयोजन के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों, दंडाधिकारियों, विभिन्न विभागों, पूजा समितियों, शांति समिति के सदस्यों तथा आम नागरिकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा, “सभी के सामूहिक सहयोग एवं समर्पण के कारण रांची जिले में दुर्गा पूजा शांतिपूर्वक एवं भव्यता के साथ संपन्न हुई है। यह सहभागिता वास्तव में सराहनीय है।”
उन्होंने कहा कि सभी विभागों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों के समन्वित प्रयासों से त्योहार को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सका। जिला प्रशासन का प्रयास रहा कि दुर्गा पूजा धार्मिक आस्था के साथ-साथ विभिन्न समुदायों के बीच भाईचारे, एकता और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक बने।
