गुड न्यूजः माता-पिता की असामयिक मृत्यु से बेसहारा हुए बच्चों तक पहुंचा जिला प्रशासन, आवास की हुई व्यवस्था, गुरुकुल विद्यालय में मिला दाखिला
रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंदला पंचायत के लेकया गाँव निवासी योगेन्द्र मुंडा एवं उनकी पत्नी सावित्री देवी के असामयिक निधन के बाद उनके बच्चों के समक्ष उत्पन्न कठिन परिस्थितियों पर जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता के साथ संज्ञान लिया है। विभिन्न माध्यमों से प्राप्त सूचना पर जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त, राँची मंजूनाथ भजंत्री के निदेशानुसार दोनों बच्चों के परिवार को आवश्यक राहत उपलब्ध कराई गई। परिवार को कंबल एवं राशन सामग्री प्रदान की गई, ताकि तत्काल आवश्यकताओं की पूर्ति हो सके।
बच्चों की शिक्षा एवं बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए दोनों बच्चों का प्रखण्ड के ही गुरुकुल विद्यालय में दाखिला कराया गया है। विद्यालय में बच्चों को निःशुल्क शिक्षा, ड्रेस एवं छात्रावास की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे बच्चों की पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रखने के साथ-साथ उनके सुरक्षित एवं समुचित देखभाल की भी व्यवस्था सुनिश्चित हुई है। इसके अतिरिक्त, बच्चों को बाल संरक्षण विभाग की Sponsorship योजना से जोड़ने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है, ताकि उन्हें आगे भी आवश्यक संरक्षण, सहयोग एवं सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
मामले में अनुमंडल पदाधिकारी, बुंडू मनोहर लाल मरांडी एवं प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, तमाड़ द्वारा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। जिला प्रशासन का प्रयास है कि किसी भी परिस्थिति में माता-पिता को खो चुके बच्चों को अकेलेपन और अभाव का सामना न करना पड़े तथा उन्हें शिक्षा, संरक्षण, पोषण एवं सुरक्षित भविष्य के लिए आवश्यक सहयोग समय पर उपलब्ध कराया जा सके।
