अपराध

रांची पुलिस ने चेन स्नैचिंग में शामिल कोढ़ा गिरोह के तीन बदमाशों को किया गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में एक घायल, इन बदमाशों ने बिहार-झारखंड में की कई वारदातें, चार सोने की चेन और हथियार भी बरामद

रांची शहर में हाल के दिनों में हुई चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रांची पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान में रविवार को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने कुख्यात कोढ़ा गिरोह के तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने रांची जिले में करीब एक दर्जन वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों में 40 से अधिक लूट, छिनतई और आर्म्स एक्ट के मामलों में संलिप्तता की बात भी स्वीकार की है।

पुलिस के मुताबिक, तीन अक्टूबर को बरियातू थाना क्षेत्र और मेसरा ओपी क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की घटनाएं हुई थीं। इन घटनाओं के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। चेन स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही थी।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर रिंग रोड के समीप चुट्टू गांव के आसपास छिपाकर रखे गए हथियारों की बरामदगी के लिए पुलिस टीम उन्हें लेकर जा रही थी। इसी दौरान तीनों में से एक अपराधी आकाश यादव उर्फ रंगीला ने बरियातू थाना के हवलदार रविंद्र कुमार से पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया।

पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षा में थाना प्रभारी, बरियातू द्वारा फायरिंग की गई। इस दौरान आकाश यादव के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। उसके दो अन्य साथियों को पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया। घायल अपराधी को इलाज के लिए रिम्स भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हथियार और अन्य सामान भी बरामद किया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—

  1. आकाश यादव उर्फ रंगीला, पिता- नथु यादव, निवासी नयाटोली जुलाबगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार।
  2. अमन कुमार यादव, पिता- स्व. महेश यादव।
  3. कार्तिक यादव उर्फ दिनेश, पिता- तेजा यादव, निवासी नयाटोली जुराबगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार।

पुलिस ने आरोपियों के पास से निम्न सामान बरामद किया है— होंडा शाइन बाइक — 1, पल्सर बाइक — 1, कारतूस — 1, देसी कट्टा — 1, सोने की छीनी हुई चेन — 4, सोने की आधी चेन — 1 एवं वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिलें। पुलिस के प्रारंभिक अनुसंधान में सामने आया है कि तीनों आरोपी कुख्यात कोढ़ा गिरोह से जुड़े हैं। इनके खिलाफ बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों में लूट, छिनतई, चोरी, आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं।

आकाश यादव उर्फ रंगीला के खिलाफ सारण, शेखपुरा, हाजीपुर, सहरसा, पटना, दानापुर, ईस्ट चंपारण, रामगढ़ और गोला समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में मामले दर्ज बताए गए हैं। वहीं अमन कुमार यादव के खिलाफ सुपौल, दुर्गाकुंड, महुआ और गया में चोरी व अन्य धाराओं के मामले दर्ज हैं। कार्तिक यादव के खिलाफ गया के बेहड़ा ओपी में चोरी का मामला दर्ज है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों की संलिप्तता रांची के अलावा हजारीबाग, रामगढ़ और धनबाद में हुई चेन स्नैचिंग की घटनाओं में भी सामने आई है। पुलिस टीम अन्य घटनाओं में उनकी भूमिका की जांच कर रही है तथा इनके आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है। रांची पुलिस का कहना है कि पूछताछ और अनुसंधान के दौरान आरोपियों से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *